बड़ी खबर, ‘सामाजिक सुरक्षा में उत्कृष्ट कार्य के लिए भारत को ISSA अवार्ड, केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया ने मलेशिया में लिया सम्मान

भारत ने वैश्विक मंच पर एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। सामाजिक सुरक्षा प्रणालियों के विस्तार और आधुनिकीकरण में उत्कृष्ट प्रगति के लिए भारत को प्रतिष्ठित इंटरनेशनल सोशल सिक्योरिटी एसोसिएशन (ISSA) अवार्ड २०२५ से सम्मानित किया गया है। केंद्रीय श्रम एवं रोजगार मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने मलेशिया के कुआलालंपुर में आयोजित वर्ल्ड सोशल सिक्योरिटी फोरम (WSSF) २०२५ में यह पुरस्कार प्राप्त किया।

यह त्रैवार्षिक पुरस्कार वैश्विक स्तर पर सामाजिक सुरक्षा प्रणालियों में भारत की असाधारण प्रगति को मान्यता देता है। भारत यह सम्मान प्राप्त करने वाला पांचवा देश है।

पुरस्कार ग्रहण करते हुए डॉ. मांडविया ने इस उपलब्धि का श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘अंत्योदय’ के विजन को दिया। उन्होंने कहा, “यह पुरस्कार प्रत्येक नागरिक के सामाजिक कल्याण को सुनिश्चित करने के लिए पीएम मोदी के प्रयासों का प्रमाण है।”

भारत की सफलता के मुख्य बिंदु: मंत्री ने अपने संबोधन में बताया कि भारत ने २०१५ में १९% सामाजिक सुरक्षा कवरेज को बढ़ाकर २०२५ तक ६४.३% कर दिया है, जिससे ९४ करोड़ से अधिक नागरिकों को कवर किया गया है। इंटरनेशनल लेबर ऑर्गनाइजेशन (ILO) ने भी इस उपलब्धि को स्वीकार किया है।

ISSA ने विशेष रूप से सरकार के ‘ई-श्रम पोर्टल’ की सराहना की है, जिस पर मात्र चार वर्षों में ३० करोड़ से अधिक असंगठित क्षेत्र के श्रमिक पंजीकृत हुए हैं। मंत्री ने यह भी बताया कि सामाजिक सुरक्षा लाभों के कुशल अंतिम-मील वितरण के लिए भारत ने एक व्यापक डिजिटल सार्वजनिक बुनियादी ढांचा स्थापित किया है।

डॉ. मांडविया ने जोर दिया कि भारत नीति, प्रक्रिया और डिजिटल सुधारों के माध्यम से अपनी सामाजिक सुरक्षा को मजबूत कर रहा है और समग्र दृष्टिकोण के माध्यम से नए आय अवसर और सामाजिक सुरक्षा जाल बनाने के लिए प्रौद्योगिकी का लाभ उठा रहा है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *