कारण अज्ञात! पश्चिमी तट की सबसे बड़ी एल सेगुंडो रिफाइनरी में लगी आग, प्रशासन ने लोगों को घर के अंदर रहने को कहा
गुरुवार को कैलिफ़ोर्निया के एल सेगुंडो रिफाइनरी में आग लगने की घटना सामने आई है। यह रिफाइनरी अमेरिका के पश्चिमी तट पर स्थित सबसे बड़ी रिफाइनरियों में से एक है। कैलिफ़ोर्निया के गवर्नर गैविन न्यूसम के प्रेस कार्यालय ने इस घटना की पुष्टि की है।
एक काउंटी अधिकारी ने बताया कि आग की लपटों को रिफाइनरी के एक ही क्षेत्र तक सीमित कर दिया गया था, जिससे आग को बड़े पैमाने पर फैलने से रोका जा सका। हालांकि, लॉस एंजिल्स टाइम्स के अनुसार, आग लगने का कारण अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाया है।
इस घटना के बाद, कैलिफ़ोर्निया के एल सेगुंडो में अधिकारियों ने लोगों से एहतियात के तौर पर घर के अंदर रहने का आग्रह किया है। स्थानीय प्रशासन ने नागरिकों को सुरक्षित रहने के लिए यह आपातकालीन निर्देश जारी किया है।
शेवरॉन की यह रिफाइनरी कैलिफ़ोर्निया की ऊर्जा आपूर्ति के लिए महत्वपूर्ण है। इस आगजनी से रिफाइनरी के संचालन और संभावित पर्यावरणीय प्रभावों को लेकर चिंताएं बढ़ गई हैं। अधिकारियों ने बताया कि आग लगने के कारणों और नुकसान का आकलन करने के लिए जांच शुरू कर दी गई है।