बेडरूम में ‘हिडन कैमरा’, बीवी को ब्लैकमेल कर विदेशियों के साथ… किस बात की थी ये मजबूरी?
बेडरूम में गुप्त कैमरा लगाकर पत्नी को ब्लैकमेल, विदेशी ‘क्लाइंट्स’ के साथ संबंध बनाने का पति पर सनसनीखेज आरोप
बेंगलुरु: कर्नाटक के बेंगलुरु से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। एक महिला ने अपने पति और तीन अन्य लोगों के खिलाफ पुट्टेनहल्ली पुलिस स्टेशन में गंभीर आरोप लगाते हुए FIR दर्ज कराई है। महिला का आरोप है कि पति ने बेडरूम में छिपा हुआ कैमरा लगाकर उनके निजी पलों को रिकॉर्ड किया और फिर वीडियो को हथियार बनाकर उन्हें ब्लैकमेल किया।
शिकायत के मुताबिक, आरोपी पति सैयद इनामुल हक ने अपनी पत्नी की सहमति के बिना कमरे में गुप्त कैमरा लगाया और निजी वीडियो रिकॉर्ड किए। इन वीडियो का इस्तेमाल करके उसने न केवल अपनी पत्नी को ब्लैकमेल किया, बल्कि उसे अपनी मांगें मानने के लिए मजबूर किया। महिला ने बताया कि पति ने उसके अंतरंग क्षणों को अपने दोस्तों के साथ भी साझा किया और मांगें पूरी न करने पर फुटेज को ऑनलाइन लीक करने की धमकी दी।
सबसे चौंकाने वाला आरोप यह है कि इनामुल हक ने वीडियो का डर दिखाकर पत्नी को अपने विदेशी ‘क्लाइंट्स’ के साथ शारीरिक संबंध बनाने के लिए मजबूर किया। पत्नी ने यह भी आरोप लगाया कि पति ने उससे अपनी पहली शादी की बात छिपाकर धोखा दिया और उसके साथ मारपीट व शारीरिक दुर्व्यवहार भी किया।
पीड़िता की विस्तृत शिकायत के आधार पर, पुट्टेनहल्ली पुलिस ने सैयद इनामुल हक और तीन अन्य के खिलाफ धोखाधड़ी, उत्पीड़न और साजिश की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है।