यूरोप से भी बेहतर भारत में निवेश! सेमीकंडक्टर दिग्गज ASML ने मोदी सरकार की तारीफ में क्या कहा?

सेमीकंडक्टर उपकरण बनाने वाली दुनिया की सबसे बड़ी कंपनियों में से एक एएसएमएल (ASML) ने भारत को वैश्विक निवेश के लिए यूरोपीय संघ से अधिक फायदेमंद बताया है। ब्रसेल्स में एक अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन में, एएसएमएल के कार्यकारी फ्रेंक हिम्सकेर्क ने यूरोपीय संघ की नौकरशाही की जटिलता के विपरीत भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘बिजनेस-फ्रेंडली’ दृष्टिकोण की जमकर तारीफ की। उन्होंने बताया कि एएसएमएल के सीईओ क्रिस्टोफ फुकेट के साथ मोदी की दो घंटे लंबी बैठक में, प्रधानमंत्री ने स्वयं कंपनी से पूछा कि उन्हें भारत में किस तरह की मदद की आवश्यकता है।
हिम्सकेर्क ने यूरोपीय संघ की कार्यप्रणाली पर निराशा व्यक्त करते हुए कहा कि उनके अधिकारियों से मिलना व्हाइट हाउस के वरिष्ठ अधिकारियों से मिलने से भी ज्यादा जटिल है। विशेषज्ञों का मानना है कि इस प्रमुख कंपनी द्वारा भारत पर भरोसा जताने से देश के सेमीकंडक्टर मिशन के तहत विदेशी निवेश आकर्षित करने के प्रयासों को बल मिलेगा और वैश्विक बाजार में भारत की निवेश-क्षमता और अधिक विश्वसनीयता हासिल करेगी।