तूफान ‘शक्ति’ का तांडव! महाराष्ट्र में हाई अलर्ट, मुंबई समेत 6 जिलों पर मंडराया महा-खतरा
इस मॉनसून सीज़न का पहला चक्रवात ‘शक्ति’ जल्द ही दस्तक देने वाला है। अरब सागर में बना यह साइक्लोन लगातार अपनी ताकत बढ़ा रहा है। मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, चक्रवात ‘शक्ति’ का मुख्य प्रभाव महाराष्ट्र पर पड़ेगा, खासकर तटीय इलाकों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है।
मुंबई, ठाणे, पालघर, रायगढ़, रत्नागिरी और सिंधुदुर्ग में पहले ही अलर्ट जारी कर दिया गया है। भारी बारिश के साथ समुद्र में ऊंची लहरें उठने की आशंका है। चक्रवात अभी द्वारका से लगभग 250 किमी पश्चिम-दक्षिण पश्चिम में स्थित है और शनिवार तक इसके चक्रवाती तूफान में बदलने की संभावना है। IMD ने 5 अक्टूबर तक चक्रवात ‘शक्ति’ के टकराने की आशंका जताई है।
चक्रवात के कारण 7 अक्टूबर तक हवा की गति 45 से 55 किलोमीटर प्रति घंटा रह सकती है, जो 65 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से भी चल सकती है। भले ही चक्रवात का केंद्र तट से दूर है, लेकिन इसके आउटर बैंड के चलते महाराष्ट्र में अति भारी बारिश होगी। विशेष रूप से पूर्वी विदर्भ और मराठवाड़ा में शनिवार और रविवार को गरज के साथ तेज बारिश की संभावना है। उत्तर कोंकण तट के निचले इलाकों में बाढ़ जैसी स्थिति बन सकती है।
महाराष्ट्र में राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF) की टीमों को अलर्ट पर रखा गया है। संवेदनशील क्षेत्रों से लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुँचाने की व्यवस्था की जा रही है। मुंबई, ठाणे, रायगढ़, पुणे और रत्नागिरी में येलो अलर्ट जारी किया गया है। मछुआरों को इस दौरान समुद्र में न जाने की सख्त हिदायत दी गई है।