‘नक्शे पर रहना है या नहीं, अब पाकिस्तान सोचे’- सेना प्रमुख ने दी सीधी धमकी, मचा हड़कंप!
भारतीय सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने सीमावर्ती क्षेत्रों के दौरे के दौरान बीकानेर मिलिट्री स्टेशन से पाकिस्तान को कड़ा संदेश दिया है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में चेतावनी दी है कि अगर पाकिस्तान राज्य-प्रायोजित आतंकवादी हमलों को बंद नहीं करता है, तो भारत अगली बार ऐसा कदम उठाएगा कि पाकिस्तान को अपने अस्तित्व पर ही सोचना पड़ जाएगा।
आतंकवाद के मुद्दे पर भारत अब ‘बेहद सख्त रुख’ अपनाएगा। आर्मी चीफ ने कहा, “ऑपरेशन सिंदूर 1.0 के दौरान भारत ने बहुत संयम दिखाया था, लेकिन यह संयम अब नहीं दिखाया जाएगा।” उनकी दो टूक चेतावनी है, “इसके बाद हम कुछ ऐसा करेंगे, जिससे पाकिस्तान फिर से सोचना चाहेगा कि वह दुनिया के नक्शे पर रहना चाहता है या नहीं। अगर पाकिस्तान मैप पर रहना चाहता है तो राज्य-प्रायोजित आतंकी हमले बंद करने होंगे।”
पहलगाम आतंकी हमले के बाद से भारतीय सेना ‘हाई अलर्ट मोड’ पर है। सेना प्रमुख ने अपने दौरे में सैनिकों की तैयारी और मनोबल का जायजा लिया। उन्होंने रेगिस्तानी और अर्ध-रेगिस्तानी इलाकों में काम कर रहे जवानों के समर्पण की सराहना की।
जनरल द्विवेदी ने कहा कि मौजूदा समय में युद्ध का तरीका पूरी तरह बदल गया है। इसलिए भारतीय सेना बदले हुए हालात के साथ तालमेल बिठाने के लिए अनमैन्ड एरियल सिस्टम (UAS) और काउंटर यूएएस तकनीक जैसी आधुनिक तकनीकों पर जोर दे रही है। उनका मानना है कि इन तकनीकों का इस्तेमाल करके भारत युद्ध में कई गुना आगे निकल जाएगा और पाकिस्तान सहित किसी भी दुश्मन देश को परास्त करने में सक्षम होगा।