नेपाल में भूस्खलन का कहर! इलाम में मूसलाधार बारिश ने ली 14 जानें, मरने वालों की संख्या बढ़ने की आशंका
नेपाल के पूर्वी हिस्से में लगातार हो रही बारिश के कारण हुए भूस्खलन में कम से कम १४ लोगों की मौत हो गई है। यह भीषण प्राकृतिक आपदा देश के कोशी प्रांत के इलाम जिले में हुई है। स्थानीय अधिकारियों के अनुसार, भारी बारिश के चलते शनिवार रात को कई जगहों पर भूस्खलन की घटनाएँ हुईं, जिसमें तीन घर दब गए और लोगों की जान चली गई।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, इलाम जिले के सूर्योदय नगर पालिका और अन्य क्षेत्रों में ये मौतें हुई हैं। खबर है कि मृतकों में एक ही परिवार के कई सदस्य शामिल हैं। खराब मौसम की वजह से बचाव और राहत कार्यों में काफी दिक्कत आ रही है। नेपाल पुलिस और सेना ने प्रभावित क्षेत्रों में बचाव दल भेजे हैं, लेकिन लगातार बारिश के कारण ऑपरेशन बाधित हो रहा है। स्थानीय प्रशासन ने सभी संबंधित अधिकारियों को नुकसान का विस्तृत आकलन करने का निर्देश दिया है। भूस्खलन के कारण मेची राजमार्ग समेत कई प्रमुख सड़कें बंद हो गई हैं, जिससे यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ है।