आगरा फोर्ट स्टेशन पर सनसनी! प्लेटफॉर्म पर सो रही मां की गोद से 9 माह की बच्ची अगवा, झाड़ियों में मिली गंभीर घायल

उत्तर प्रदेश के आगरा में शुक्रवार देर रात आगरा फोर्ट स्टेशन से ९ महीने की बच्ची के लापता होने से हड़कंप मच गया। बच्ची अपनी मां के साथ प्लेटफॉर्म पर सो रही थी। मां की नींद खुली तो बच्ची गायब थी। मां की शिकायत पर GRP ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिसमें एक युवक बच्ची को ले जाता हुआ दिखाई दिया। तलाश के बाद, बच्ची सुबह छह बजे प्लेटफॉर्म नंबर 6 के पास एक जर्जर इमारत की झाड़ियों में गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिली।

पुलिस ने बच्ची को एसएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया है। जीआरपी ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एसपी रेलवे अनिल कुमार झा ने बताया कि हाथरस जिले के सादाबाद की एक महिला ने शुक्रवार देर रात आगरा फोर्ट जीआरपी में अपनी 9 महीने की बेटी के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई। जीआरपी ने तुरंत कार्रवाई करते हुए सीसीटीवी फुटेज खंगालना शुरू किया, जिसमें युवक बच्ची को प्लेटफॉर्म नंबर 6 की ओर ले जाते हुए दिखा।

बच्ची गंभीर घायल, मां की मानसिक हालत पर सवाल GRP ने बच्ची की तलाश शुरू की और सुबह छह बजे उसे जर्जर इमारत के पास झाड़ियों में पाया। वह गंभीर रूप से घायल थी। पुलिस ने तुरंत बच्ची को अस्पताल में भर्ती कराया। डॉक्टरों का कहना है कि बच्ची की हालत फिलहाल स्थिर है। जीआरपी ने अज्ञात युवक के खिलाफ मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।

रेलवे पुलिस अधीक्षक ने बताया कि सादाबाद निवासी यह महिला 28 सितंबर से अपनी बेटी के साथ घर से लापता थी। महिला के पति ने थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट भी दर्ज कराई थी। पति से बातचीत के आधार पर जीआरपी का कहना है कि महिला पहले भी कई बार बिना बताए घर से निकल चुकी है। करीब डेढ़ साल पहले वह अपने तीन साल के बेटे के साथ आगरा आई थी और तब भी आगरा फोर्ट स्टेशन से उसका बच्चा लापता हो गया था, जिसे GRP ने ढूंढ निकाला था। पुलिस महिला की मानसिक हालत को ध्यान में रखकर भी जांच कर रही है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *