कटक में तनाव चरम पर, ‘विसर्जन हिंसा के बाद 36 घंटे का कर्फ्यू, अफवाहों को रोकने के लिए इंटरनेट पर पूर्ण प्रतिबंध!

ओडिशा के कटक शहर में दुर्गा पूजा मूर्ति विसर्जन जुलूस के दौरान दो गुटों में हुई हिंसा के बाद तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है। हालात पर काबू पाने के लिए रविवार रात 10 बजे से 13 थाना क्षेत्रों में 36 घंटे का कर्फ्यू लागू कर दिया गया है।

अफवाहों और गलत सूचनाओं के प्रसार को रोकने के लिए, रविवार (5 सितंबर) शाम 7 बजे से पूरे शहर में इंटरनेट सेवाओं पर भी पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया गया है। व्हाट्सएप, फेसबुक, इंस्टाग्राम और एक्स (ट्विटर) सहित सभी सोशल मीडिया साइटों पर पाबंदी है। कर्फ्यू का असर CMC, CDA और बयालिश मौजा जैसे प्रमुख इलाकों में सख्ती से दिख रहा है।

कर्फ्यू का सख्ती से पालन और छूट: रात गुजरने के साथ ही सोमवार सुबह से कटक के विभिन्न इलाकों में कर्फ्यू को कड़ाई से लागू किया गया है। पुलिस लगातार सड़कों पर गश्त कर रही है ताकि कोई अप्रिय घटना न हो। अतिरिक्त पुलिस आयुक्त ने नागरिकों से अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलने और बसों की आवाजाही कम करने की अपील की है।

इस दौरान, मेडिकल और आवश्यक सेवाओं को कर्फ्यू से छूट दी गई है। पेट्रोल पंप, अस्पताल, मेडिकल स्टोर और किराना दुकानें खुली हुई हैं। पुलिस आयुक्त एस. देवदत्त सिंह ने साफ चेतावनी दी है कि हिंसा भड़काने और कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

इंटरनेट सेवाएं निलंबित: गृह विभाग ने झड़प के बाद उत्पन्न तनाव को देखते हुए इंटरनेट सेवाओं को निलंबित करने का निर्णय लिया। फिलहाल, सोमवार शाम 7 बजे तक इंटरनेट सेवा बंद रखने का निर्णय लिया गया है। स्थिति की समीक्षा के बाद ही कर्फ्यू और पाबंदियों की अवधि बढ़ाई या घटाई जा सकती है।

कानून-व्यवस्था की स्थिति को लेकर विपक्ष के नेता नवीन पटनायक ने गहरी चिंता व्यक्त की है। उन्होंने कटकवासियों से शांति और सद्भाव बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि ओडिशा एक शांतिप्रिय राज्य के रूप में जाना जाता है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *