सीएम योगी का तुरंत एक्शन: मृतकों के परिजनों को आर्थिक मदद का ऐलान, घायलों के मुफ्त इलाज के निर्देश
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली: उत्तर प्रदेश के अयोध्या जिले के पगला भारी गांव में गुरुवार शाम एक घर में हुए भीषण विस्फोट में 5 लोगों की मौत हो गई है। मरने वालों में तीन मासूम बच्चे भी शामिल हैं। इस दर्दनाक हादसे में कई लोग बुरी तरह से घायल भी हुए हैं।
इस घटना पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गहरा दुख जताया है और शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त की हैं। उन्होंने पीड़ितों के लिए हर मुमकिन मदद का आश्वासन दिया है। सीएम योगी ने अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से राहत कार्य शुरू करने के निर्देश दिए हैं।
हादसे की जानकारी मिलते ही सीएम योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को फौरन मदद पहुँचाने के निर्देश दिए। अपने आधिकारिक बयान में उन्होंने कहा, “अयोध्या की दुर्घटना में हुई जनहानि अत्यंत दुखद है। मेरी संवेदनाएं और शोक संतप्त परिजनों के साथ हैं। प्रभु राम से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को सद्गति, शोकाकुल परिजनों को यह दुःख सहन करने की शक्ति दें और घायलों को जल्द से जल्द स्वास्थ्य लाभ दें।”
सीएम योगी ने स्थानीय अधिकारियों को निर्देश दिया है कि घायलों को तुरंत जिला अस्पताल या लखनऊ के ट्रॉमा सेंटर पहुँचाया जाए। उन्होंने सुनिश्चित किया है कि उन स्थानों पर उनका मुफ्त और बेहतरीन इलाज किया जाएगा। इसके अतिरिक्त, मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों को सरकारी सहायता राशि देने का भी ऐलान किया है।
अयोध्या के पगला भारी गांव में गुरुवार शाम को एक मकान में हुए भारी धमाके में 5 लोगों की मौत हो गई, जिनमें 3 बच्चे थे। विस्फोट इतना जबरदस्त था कि आस-पास के मकानों के खिड़की-दरवाजे टूट गए और दीवारों में दरारें आ गईं। विस्फोट के कारणों का पता लगाने के लिए जांच जारी है।