असुरक्षित सूरत: दोहरे हत्याकांड से सनसनी, जीजा ने क्यों चाहा साली से शादी करना?

देश के असुरक्षित शहरों में शामिल गुजरात के सूरत शहर में एक बार फिर दोहरे हत्याकांड का सनसनीखेज मामला सामने आया है। सूरत के उधना इलाके में एक व्यक्ति ने अपनी साली से शादी की जिद में सास, साली और साले पर चाकू से हमला कर दिया। इस खूनी खेल में साली और साले की मौत हो गई, जबकि सास गंभीर रूप से घायल होकर अस्पताल में भर्ती हैं। आरोपी संदीप गौर घटना के बाद से फरार है। पुलिस ने मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

कपड़े खरीदने आया परिवार, हुआ कत्ल

मृतक भाई-बहन (साली और साला) अपनी माता के साथ भाई की शादी के लिए कपड़े खरीदने के उद्देश्य से चार दिन पहले उत्तर प्रदेश के प्रयागराज से सूरत आए थे। उधना पुलिस थाना क्षेत्र अंतर्गत पटेल नगर इलाके की साईं जलाराम सोसाइटी में बुधवार देर रात को यह खूनी घटना हुई।

पुलिस की प्राथमिक जांच में पता चला है कि इस दोहरे हत्याकांड को अंजाम देने वाला जीजा अपनी साली के साथ शादी करना चाहता था और इसी विवाद को लेकर उसने अपनी सास, साले और साली पर कातिलाना हमला किया था।

शादी की इच्छा पर छिड़ा विवाद

चौंतीस वर्षीय आरोपी संदीप घनश्याम गौड़ इसी घर में अपनी पत्नी वर्षा गौर और तीन बच्चों के साथ रहता था। उसका साला निश्चय अशोक कश्यप, साली ममता कश्यप और मां शकुंतला देवी 4 अक्टूबर 2025 को प्रयागराज से कपड़ों की खरीदारी के लिए सूरत आए थे। कश्यप परिवार को इस बात की भनक नहीं थी कि यह खरीदारी उनके जीवन का अंत बन जाएगी।

बुधवार देर रात जब घर में सभी मौजूद थे, तभी संदीप गौर ने अपने साले और सास के सामने साली से दूसरी शादी करने की इच्छा जताई। संदीप की इस इच्छा को सुनकर घर में मौजूद सभी लोग हैरान रह गए और इसी बात को लेकर परिवार में जोरदार बहस और विवाद छिड़ गया।

विवाद के दौरान संदीप गौर ने चाकू निकाला और अपने साले निश्चय कश्यप, साली ममता कश्यप और सास शकुंतला देवी पर ताबड़तोड़ वार करना शुरू कर दिया। संदीप के इस हमले में साले और साली की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि सास शकुंतला देवी को घायल अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।

सूरत पुलिस की डीसीपी डॉक्टर कानन देसाई ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और हत्यारे जीजा की खोजबीन शुरू कर दी है।



Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *