कमीशन ₹60,000 और अकाउंट होल्डर को ₹1.10 लाख: देश भर में 432 शिकायतें, सूरत साइबर सेल की बड़ी कार्रवाई
सूरत में साइबर फ्रॉड के लिए बैंक किट किराए पर लेने वाले एक बड़े गैंग का भंडाफोड़ हुआ है। साइबर सेल टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर अमरोली कोसाड के स्टार पैलेस रेजिडेंट फ्लैट I-504 में छापा मारकर बेरोजगार रत्नकलाकार प्रवीण धंधाल को गिरफ्तार किया है। इस दौरान घर से बड़ी संख्या में बैंक पासबुक, ATM कार्ड, मोबाइल, सिम कार्ड और स्वाइपिंग मशीन सहित अन्य उपकरण जब्त किए गए। जाँच के दौरान कमरे से 155 बैंक अकाउंट की किट भी मिली।
किराए पर बैंक किट देकर कमाते थे लाखों जाँच में पता चला कि इन 155 बैंक अकाउंट में कुल 45,92,39,159 रुपये का लेनदेन हुआ है। नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल (NCCRP) पर देशभर में इन खातों के खिलाफ कुल 432 शिकायतें दर्ज हैं। आरोपी प्रवीण का संपर्क विपुल उर्फ अंकित से था, जो वर्तमान में दुबई में रह रहा है।
प्रवीण बैंक अकाउंट किट को किराए पर देकर पैसे कमाता था। एक किट किराए पर देने के लिए उसे 1.75 लाख रुपये मिलते थे। आरोपी इस रकम में से 60,000 रुपये कमीशन रखकर 1,10,000 रुपये बैंक अकाउंट होल्डर को देता था। जब्त की गई किट में IDBI, IDFC, और स्मॉल फिनकेयर बैंक के अकाउंट सबसे ज्यादा हैं।
टेलीग्राम के माध्यम से जुड़ा दुबई के एजेंट से आरोपी प्रवीण पहले एक डायमंड फैक्ट्री में रत्नकलाकार था, लेकिन नौकरी छूटने के बाद वह बेरोजगार हो गया। जिसके बाद वह टेलीग्राम के माध्यम से दुबई के एजेंट के संपर्क में आया। उसने सट्टा खेलने के लिए टेलीग्राम पर सर्च किया था, इसी दौरान उसका संपर्क बैंक किट किराए पर लेने वाले शख्स से हुआ। शुरुआत में अच्छी आय होने के बाद वह इस काम में जुड़ गया और पिछले 2 सालों से यह काम कर रहा था।
पुलिस ने मौके से 3 मोबाइल, 12 डेबिट कार्ड, 19 पासबुक, 132 चेक बुक, 11 सिम कार्ड, 54 सिम कार्ड के कवर, 7 रबर स्टैम्प, 1 स्वाइप मशीन, और 35 QR कोड सहित अन्य सामग्री जब्त की है।