देसी स्वाद और औषधीय गुणों से भरपूर: अगर बस्तर जाएं तो चेच भाजी की सब्जी खाना न भूलें, ये रही रेसिपी
छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले में चेच भाजी (Chech Bhaji) नाम की एक खास भाजी मिलती है। बस्तर में इस भाजी को बहुत पसंद किया जाता है। बस्तर के लोग इस भाजी की सब्जी बनाकर खूब खाते हैं। इस भाजी की सब्जी आप देसी स्टाइल में बनाएंगे तो इसका स्वाद कभी नहीं भूलेंगे।
बस्तर में खेड़ा भाजी, कोलियारी भाजी, भेंड़ा भाजी जैसी कई भाजियां खाई जाती हैं। इनमें से एक चेच भाजी है। बस्तर में चेच भाजी को इमली (इमली का घोल) और चावल के साथ बनाया जाता है। इसे बस्तर की चेच भाजी भाजा भी कहा जाता है।
यह भाजी औषधीय गुण वाली होती है, इस कारण भी लोग इसे खाते हैं। इस भाजी से बहुत सारी देशी दवाइयां भी बनती हैं। इस भाजी को मिट्टी के बर्तन और देशी लकड़ी के चूल्हे में बनाने से इसका स्वाद बढ़ जाता है।
चेच भाजी बनाने के लिए सामग्री
- चेच भाजी कटी हुई: १०० ग्राम
- इमली का घोल (ज्यादा खट्टा न लगे): थोड़ा सा
- हल्दी पाउडर: ¼ चम्मच
- मिर्च पाउडर: ¼ चम्मच
- नमक: स्वादानुसार
- चावल: ३० ग्राम
- टमाटर कटी हुई: एक
चेच भाजी बनाने की विधि
१. चेच भाजी बनाने के लिए इमली का घोल मिट्टी के बर्तन में डालकर उबालिए। २. कुछ देर इमली के पानी को उबालने के बाद चेच भाजी डालिए। ३. थोड़ी देर बाद टमाटर डाल दीजिए। ४. अब इसमें हल्दी, मिर्च और नमक स्वादानुसार डालकर ५ मिनट तक पकाइए। ५. अब इसमें ३० ग्राम चावल डाल दीजिए और चावल को पकने दीजिए। ६. अब स्वादिष्ट चेच भाजी की सब्जी तैयार हो गई है। इसे आप चावल या रोटी के साथ सर्व कर सकते हैं। ७. आप चाहें तो इस भाजी की सब्जी को लहसुन और तेल का तड़का (छौंक) लगा सकते हैं। इससे सब्जी का स्वाद और बढ़ जाएगा।