मेडिकल छात्रा से गैंगरेप: दोस्त की भूमिका पर सवाल! 4 गिरफ्तार, क्या है जांच के पीछे छिपा राज?

दुर्गापुर में मेडिकल छात्रा से सामूहिक दुष्कर्म मामले में एक और गिरफ्तारी हुई है। इसके साथ ही इस मामले में कुल 4 आरोपी गिरफ्तार हो चुके हैं। रविवार को गिरफ्तार किए गए 3 आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां जज ने उन्हें 10 दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया। चौथे आरोपी को आज अदालत में पेश किया जाएगा।

इस बीच, राष्ट्रीय महिला आयोग (NCW) ने पीड़िता की दोस्त की भूमिका पर गंभीर सवाल उठाए हैं। NCW सदस्य अर्चना मजूमदार ने अस्पताल में पीड़िता से मिलने के बाद दावा किया कि छात्रा को उसकी दोस्त ही कॉलेज कैंपस से बाहर लाई थी। उन्होंने बताया कि दोस्त से पूछताछ की जा रही है और शुरुआती सबूतों से उसकी भूमिका संदिग्ध लग रही है।

मजूमदार ने यह भी कहा कि जैसे ही आरोपियों ने छात्रा को कैंपस के बाहर घेरा, उसकी दोस्त मौके से चली गई। आयोग सदस्य ने पुलिस से इस पहलू की गहन जांच करने को कहा है, क्योंकि शुरुआती जांच में दोस्त की महत्वपूर्ण भूमिका हो सकती है।

ओडिशा से आए पीड़िता के पिता ने भी कथित दोस्त की भूमिका पर संदेह जताया है। उन्होंने कहा, “आरोपियों ने मेरी बेटी को घेरते ही दोस्त भाग गई। मेरी बेटी बहुत दर्द में है, वह चल भी नहीं पा रही है। हम उसकी सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं। हमें डर है कि उसकी कभी भी हत्या हो सकती है, इसीलिए हम उसे ओडिशा वापस ले जाना चाहते हैं। हमने अब बंगाल पर भरोसा खो दिया है। वह ओडिशा में ही पढ़ाई करेगी।”

पीड़िता ने अपने बयान में बताया कि वह अपनी दोस्त के साथ कैंपस के बाहर टहल रही थी, तभी कुछ लोगों ने उन्हें घेर लिया और दुष्कर्म किया। पुलिस सूत्रों के अनुसार, पीड़िता की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने ‘पीड़िता’ की दोस्त-सहपाठी को भी ‘हिरासत’ में लिया है क्योंकि उसकी कुछ गतिविधियों ने जांचकर्ताओं के मन में संदेह पैदा किया है।

इस बीच, रविवार को दुर्गापुर पुलिस और फोरेंसिक टीम घटनास्थल पर पहुंची और महत्वपूर्ण सबूत, नमूने और दस्तावेज एकत्र किए। सबूतों की सुरक्षा के लिए पूरे इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। ओडिशा सरकार की एक टीम ने भी दुर्गापुर आकर पीड़िता से मिलने की कोशिश की, लेकिन अनुमति न मिलने के कारण टीम बिना मिले ही लौट गई।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *