राजनीति से मन भर गया? अचानक मंत्री पद छोड़ने की इच्छा क्यों जताई केंद्रीय मंत्री सुरेश गोपी ने?

केंद्रीय मंत्री सुरेश गोपी ने अपने पद से इस्तीफा देने की इच्छा जाहिर करके राजनीतिक गलियारों में हलचल मचा दी है। उन्होंने साफ तौर पर कहा कि वह सच में फिर से अभिनय करना चाहते हैं, क्योंकि मंत्री बनने के बाद उनकी आमदनी लगभग पूरी तरह से रुक गई है। उन्होंने अपना पद बीजेपी के नवनिर्वाचित राज्यसभा सदस्य सी. सदानंद मास्टर को दिए जाने की सिफारिश भी की है।

केरल से बीजेपी के पहले लोकसभा सांसद सुरेश गोपी इस समय केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस तथा पर्यटन राज्य मंत्री हैं। पार्टी के एक कार्यक्रम में बोलते हुए उन्होंने कहा कि मेरी कभी भी मंत्री बनने की इच्छा नहीं थी। “चुनाव से ठीक एक दिन पहले, जब मैं पत्रकारों से बात कर रहा था, मैंने साफ कह दिया था कि मुझे मंत्री नहीं बनना है, बल्कि मैं अपना फ़िल्मी करियर जारी रखना चाहता हूँ।”

‘मुझे अच्छी कमाई करनी है’:

अपनी इच्छा का कारण बताते हुए सुरेश गोपी ने कहा, “मैं अच्छी कमाई करना चाहता हूं, क्योंकि मेरे बच्चे अभी कहीं बसे नहीं हैं और कुछ लोग मेरी कमाई पर ही पूरी तरह से निर्भर हैं। कम से कम उनमें से कुछ की मदद करने के लिए मेरी इनकम का सोर्स बंद नहीं होना चाहिए, लेकिन अभी, यह लगभग पूरी तरह से बंद हो गया है।”

गोपी ने आगे कहा, “शायद जनादेश के सम्मान के कारण, और केरल से जनता द्वारा चुने गए पहले सांसद होने के नाते, पार्टी ने एक निश्चित ज़िम्मेदारी दी थी, इसलिए मुझे मंत्री बनाया गया था। हालांकि, मैं चाहता हूँ कि मुझे इस पद से मुक्त कर दिया जाए और मेरी जगह सी. सदानंद मास्टर को मंत्री बना दिया जाए। मुझे सचमुच विश्वास है कि यह केरल के राजनीतिक इतिहास में एक नया अध्याय लिखेगा।”

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *