13 की उम्र में IPL, 35 गेंदों में सेंचुरी! वैभव सूर्यवंशी बने बिहार रणजी टीम के उपकप्तान, सकिबुल गनी करेंगे कप्तानी
पहले आईपीएल (IPL) फिर अंडर-19 टीम में रहते हुए भारत के लिए बेहतरीन पारी खेलना और अब रणजी ट्रॉफी (Ranji Trophy) में उपकप्तानी करना… महज 14 साल की उम्र में वैभव सूर्यवंशी (Vaibhav Suryavanshi) ने नई-नई ऊंचाइयां छू ली हैं।
दरअसल, बिहार क्रिकेट टीम ने अपने युवा सितारे वैभव सूर्यवंशी को रणजी ट्रॉफी 2025−26 सीजन के लिए पहले दो मैचों में उपकप्तान बनाया है। टीम के कप्तान सकिबुल गनी (Sakibul Gani) होंगे। इसकी घोषणा खुद बिहार क्रिकेट एसोसिएशन (BCA) ने की है।
बिहार अपनी प्लेट लीग सीजन की शुरुआत 15 अक्तूबर से पटना के मोइनुल हक स्टेडियम में अरुणाचल प्रदेश के खिलाफ करेगा। पिछले रणजी सत्र में बिना एक भी जीत दर्ज किए बिहार को प्लेट लीग में स्थानांतरित किया गया था, लेकिन वैभव सूर्यवंशी की उपस्थिति से टीम में नई उम्मीद जगी है।
वैभव के रिकॉर्ड्स:
महज 14 साल के वैभव पहले ही क्रिकेट की दुनिया में कई रिकॉर्ड अपने नाम कर चुके हैं:
- महज 12 की उम्र में उन्होंने रणजी में डेब्यू किया था।
- 13 साल की उम्र में उन्हें इंडियन प्रीमियर लीग में राजस्थान रॉयल्स का कॉन्ट्रैक्ट मिला।
- वह भारत के अंडर-19 टीम के इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया दौरे में भी शामिल रह चुके हैं।
- इस साल आईपीएल में उन्होंने गुजरात टाइटंस के खिलाफ 35 गेंदों में शतक जड़कर पुरुष क्रिकेट में सबसे कम उम्र में टी20 शतक बनाने का वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया। ये आईपीएल का दूसरा सबसे तेज़ शतक भी रहा।
हालांकि, सूर्यवंशी पूरे रणजी सत्र में बिहार के लिए खेलते नहीं दिखेंगे, क्योंकि उनका ध्यान अगले साल जिम्बाब्वे और नामीबिया में आयोजित होने वाले अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 पर होगा।