बॉक्स ऑफिस हिट! तमिलनाडु में फॉक्सकॉन का ₹15,000 करोड़ का महा-निवेश, 14,000 नौकरियों का तोहफा

ताइवान की दिग्गज मैन्युफैक्चरिंग कंपनी फॉक्सकॉन (Foxconn) ने तमिलनाडु में एक बड़ा निवेश करने का वादा किया है। कंपनी राज्य में 15,000 करोड़ रुपये का निवेश करेगी, जिससे 14,000 उच्च-मूल्य वाली (High Value) नौकरियां सृजित होंगी।

तमिलनाडु के उद्योग मंत्री टीआरबी राजा ने सोमवार को एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर पोस्ट कर इस बात की पुष्टि की। उन्होंने इसे तमिलनाडु के लिए अब तक की “सबसे बड़ी इंजीनियरिंग नौकरियों की प्रतिबद्धता” करार दिया और कहा कि यह इलेक्ट्रॉनिक्स और एडवांस मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर को बड़ा बढ़ावा देगा। फॉक्सकॉन इस निवेश के तहत राज्य में वैल्यू-एडेड मैन्युफैक्चरिंग, रिसर्च एंड डेवलपमेंट (R&D) और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) आधारित टेक्नोलॉजी ऑपरेशंस लाएगी।

निवेश को आसान बनाने के लिए ‘फॉक्सकॉन डेस्क’

उद्योग मंत्री टीआरबी राजा ने बताया कि फॉक्सकॉन के भारत प्रतिनिधि रॉबर्ट वू ने तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन से मुलाकात की और राज्य में अपना भरोसा जताते हुए इस भारी निवेश की बात कही है। निवेश प्रक्रिया को सरल और तेज बनाने के लिए, तमिलनाडु की इन्वेस्टमेंट एजेंसी ‘गाइडेंस’ (Guidance) भारत में पहली बार एक समर्पित ‘फॉक्सकॉन डेस्क’ बनाएगी। मंत्री ने कहा, “हम द्रविड़ मॉडल 2.0 के लिए मंच तैयार कर रहे हैं।”

यह घोषणा ऐसे समय में हुई है जब रविवार को वू ने बेंगलुरु में कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया से भी मुलाकात की थी। उस बैठक में कर्नाटक में फॉक्सकॉन की उपस्थिति बढ़ाने और मैन्युफैक्चरिंग-टेक्नोलॉजी में नए अवसर तलाशने पर चर्चा हुई थी। फॉक्सकॉन के पहले से ही तमिलनाडु, कर्नाटक और तेलंगाना में ऑपरेशन हैं।

कौन है फॉक्सकॉन?

फॉक्सकॉन दुनिया की सबसे बड़ी कॉन्ट्रैक्ट मैन्युफैक्चरिंग कंपनी है, जो मुख्य रूप से स्मार्टफोन, कंप्यूटर, टीवी और इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस बनाती है। यह कंपनी एपल के लिए आईफोन, आईपैड, मैकबुक जैसे प्रोडक्ट्स बनाती है, साथ ही सोनी और माइक्रोसॉफ्ट जैसी प्रमुख कंपनियों की भी क्लाइंट है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *