ड डिलीवरी ऐप का ‘लूपहोल’ बना कमाई का जरिया! 124 फर्जी ID से स्कैम करने वाला मास्टरमाइंड पकड़ा गया
जापान में एक बेरोजगार व्यक्ति ने अपने खुराफाती दिमाग का इस्तेमाल करके ऐसा कारनामा किया है कि पूरा देश उसकी हरकत पर हैरान है। नागोया के रहने वाले 38 वर्षीय ताकुया हिगाशिमोटो ने एक फूड डिलीवरी ऐप की रिफंड पॉलिसी को ही अपना निजी एटीएम बना लिया। इस शख्स ने ऐप की खामियों का फायदा उठाकर दो साल तक मुफ्त में महंगा खाना खाया।
साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट की रिपोर्ट के अनुसार, ताकुया ने ‘Demae-can’ नाम के एक फूड डिलीवरी प्लेटफॉर्म पर दो साल तक हर दिन ईल बेंटो, हैमबर्गर स्टेक जैसे महंगे डिश के साथ आइसक्रीम ऑर्डर किया। उसने 1000 से ज्यादा बार इस स्कैम को अंजाम दिया।
ताकुया हर ऑर्डर की डिलीवरी के बाद ऐप पर शिकायत करता था कि उसका खाना डिलीवर नहीं हुआ है। ऐसे में उसे कंपनी से पूरा रिफंड मिल जाता था। यानी, शख्स ने खाना खाया भी और उसे पैसे भी वापस मिल गए। ऐसा करके ताकुया ने दो साल में कंपनी को 37 लाख येन (यानी लगभग 21 लाख रुपये) का भारी नुकसान पहुंचाया।
ताकुया ने एक नहीं, बल्कि 124 फर्जी अकाउंट्स बना रखे थे। वह हर बार नया नाम, गलत पता और प्रीपेड सिम कार्ड का इस्तेमाल करके कंपनी के सिस्टम को चकमा दे रहा था। उसने सोचा कि ऐसा करने से कोई उसे ट्रैक नहीं कर पाएगा, लेकिन कहते हैं न कि झूठ ज्यादा दिन नहीं चलता।
रिपोर्ट के मुताबिक, 30 जुलाई को ताकुया ने फिर से आइसक्रीम और चिकन स्टेक ऑर्डर करके रिफंड की मांग की। लेकिन इस बार कंपनी को शक हो गया। जांच में पता चला कि ताकुया ने ऐसा 1095 बार रिफंड पॉलिसी की खामी का फायदा उठाकर कंपनी को बड़ा नुकसान पहुंचाया है।
इस स्कैम के खुलासे के बाद फूड डिलीवरी ऐप कंपनियां अब सतर्क हो गई हैं और वह आईडी वेरिफिकेशन तथा अलर्ट सिस्टम को सख्त कर रही हैं। वहीं, ताकुया की इस हरकत पर लोग भड़के हुए हैं। लोगों का कहना है कि इतना दिमाग अगर वह नौकरी में लगाता, तो कहीं अच्छी जगह पर काम कर रहा होता।