‘ट्रंप से बचने के लिए नहीं जा रहे पीएम मोदी’: आसियान समिट में वर्चुअली शामिल होने पर जयराम रमेश ने प्रधानमंत्री को घेरा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आसियान (ASEAN) समिट में हिस्सा लेने के लिए मलेशिया नहीं जाएंगे। वह इस सम्मेलन में वर्चुअली शिरकत करेंगे। कांग्रेस ने इस पर पीएम मोदी को घेरते हुए तीखी आलोचना की है। पार्टी के प्रवक्ता जयराम रमेश ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के सामने नहीं आना चाहते, इसीलिए वह व्यक्तिगत रूप से मलेशिया नहीं जा रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि कुछ हफ्ते पहले मिस्र में गाजा शांति शिखर सम्मेलन में शामिल होने का निमंत्रण भी पीएम मोदी ने इसी वजह से ठुकरा दिया था।

बता दें कि मलेशिया के निमंत्रण पर ट्रंप आसियान समिट में शामिल होने के लिए दो दिन के दौरे पर कुआलालंपुर जा रहे हैं।

‘विश्वगुरु बनने के मौके हाथ से निकल गए’:

जयराम रमेश ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर लिखा: “पिछले कई दिनों से अटकलें चल रही थीं कि प्रधानमंत्री मोदी कुआलालंपुर सम्मेलन में जाएंगे या नहीं? अब यह लगभग तय हो गया है कि प्रधानमंत्री वहां नहीं जाएंगे। इसका मतलब है कि कई विश्व नेताओं से गले मिलने, फ़ोटो खिंचवाने और ख़ुद को विश्वगुरु बताने के कई मौक़े हाथ से निकल गए।”

ट्रंप से क्यों बचना चाहते हैं मोदी?

कांग्रेस नेता ने आगे लिखा कि पीएम मोदी के वहां नहीं जाने की वजह साफ़ है—वह राष्ट्रपति ट्रंप के सामने नहीं आना चाहते, जो वहां मौजूद होंगे।

जयराम रमेश ने ट्रंप पर किए गए पुराने दावों का हवाला देते हुए कहा: “सोशल मीडिया पर राष्ट्रपति ट्रंप की तारीफ़ में संदेश पोस्ट करना एक बात है, लेकिन उस व्यक्ति के साथ आमने-सामने होना, जिसने 53 बार ‘ऑपरेशन सिंदूर’ रोकने का दावा किया है और पांच बार यह कहा है कि भारत ने रूस से तेल ख़रीदना बंद करने का वादा किया है – यह दूसरी बात है। यह उनके लिए काफ़ी जोखिम भरा है।”

कांग्रेस नेता ने तंज कसते हुए यह भी कहा कि प्रधानमंत्री शायद अब उस पुराने हिट बॉलीवुड गाने को याद कर रहे होंगे: “बच के रहना रे बाबा, बच के रहना।”

दक्षिण-पूर्वी एशियाई राष्ट्रों के संगठन (आसियान) की बैठकें 26 से 28 अक्टूबर को होनी है। ट्रंप 26 अक्टूबर को दो दिवसीय यात्रा पर कुआलालंपुर जाएंगे।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *