‘राज्य के लिए गौरव का अवसर!’ PM मोदी के दौरे से पहले छत्तीसगढ़ में CM साय की मैराथन तैयारी, नवा रायपुर में किन 3 जगहों का किया निरीक्षण?

‘राज्य के लिए गौरव का अवसर!’ PM मोदी के दौरे से पहले छत्तीसगढ़ में CM साय की मैराथन तैयारी, नवा रायपुर में किन 3 जगहों का किया निरीक्षण?

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) के आगामी छत्तीसगढ़ प्रवास के मद्देनजर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय (Vishnu Deo Sai) ने आज नवा रायपुर में विभिन्न कार्यक्रम स्थलों का निरीक्षण कर तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी का छत्तीसगढ़ आगमन राज्य के लिए गौरव का अवसर है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि इस दौरान प्रत्येक व्यवस्था उत्कृष्टता का प्रतीक बने और प्रदेश की संस्कृति, आत्मगौरव एवं प्रगति की झलक हर स्थल पर दिखाई दे।

मुख्यमंत्री ने किया 3 प्रमुख स्थलों का निरीक्षण

मुख्यमंत्री साय ने सबसे पहले नवा रायपुर स्थित श्री सत्य साई हॉस्पिटल का निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यक्रम की रूपरेखा, सभागार व्यवस्था, मंच और आमंत्रित अतिथियों के बैठने की व्यवस्था का जायजा लिया।

इसके पश्चात, मुख्यमंत्री प्रजापिता ब्रह्मकुमारी ध्यान केंद्र पहुंचे, जहां उन्होंने प्रधानमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम की बिंदुवार समीक्षा की। उन्होंने मेडिटेशन रूम और बाहरी परिसर का निरीक्षण करते हुए सभी व्यवस्थाओं को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए।

ट्राइबल म्यूजियम बनेगा ‘जनजातीय अस्मिता का अमर प्रतीक’

मुख्यमंत्री साय ने शहीद वीर नारायण सिंह स्मारक सह जनजातीय स्वतंत्रता संग्राम सेनानी संग्रहालय का भी निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि यह संग्रहालय जनजातीय समाज की वीरता, बलिदान और अस्मिता (आत्मसम्मान) का अमर प्रतीक बनेगा। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि संग्रहालय के प्रत्येक अनुभाग को इस प्रकार तैयार किया जाए कि वह आगंतुकों को छत्तीसगढ़ के जनजातीय स्वतंत्रता संग्राम के गौरवशाली अध्याय से गहराई से परिचित करा सके।

मुख्यमंत्री साय ने नवा रायपुर स्थित राज्योत्सव स्थल का भी दौरा किया। उन्होंने कहा कि राज्योत्सव छत्तीसगढ़ की उपलब्धियों, संस्कृति और आत्मविश्वास का उत्सव है, इसलिए यह आयोजन उत्कृष्टता की नई मिसाल बने।

मुख्यमंत्री साय ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरे किए जाएं और सुरक्षा, स्वच्छता तथा आमजन की सुविधा से जुड़े सभी बिंदुओं पर विशेष ध्यान दिया जाए। इस अवसर पर वन मंत्री केदार कश्यप, मुख्य सचिव विकास शील सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारीगण उपस्थित रहे।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *