पागल कुत्ते का खूनी आतंक! 5 दिनों में 5 लोगों पर हमला, दहशत में घरों से नहीं निकल रहे ग्रामीण

पागल कुत्ते का खूनी आतंक! 5 दिनों में 5 लोगों पर हमला, दहशत में घरों से नहीं निकल रहे ग्रामीण

ग्रेटर नोएडा के दनकौर थाना क्षेत्र के खेरली भाव गांव में एक पागल कुत्ता (Mad Dog) ग्रामीणों के लिए दहशत का कारण बन गया है। शुक्रवार को कुत्ते ने चार लोगों पर हमला कर घायल कर दिया। इससे पहले बुधवार को भी इसी कुत्ते ने एक व्यक्ति को गंभीर रूप से घायल किया था, जिसका इलाज दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल (Safdarjung Hospital) में चल रहा है और उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।

लगातार हो रहे हमलों से गांव में डर का माहौल है। लोग घरों से बाहर निकलने में डर महसूस कर रहे हैं। ग्रामीणों ने यमुना प्राधिकरण से तत्काल आवारा कुत्ते को पकड़ने की मांग की है।

एक युवक की हालत गंभीर

ग्रामीण सरफुद्दीन पर बुधवार को कुत्ते ने खेत जाते समय हमला किया था। गंभीर हालत के चलते उन्हें पहले ग्रेटर नोएडा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से हालत बिगड़ने पर उन्हें सफदरजंग अस्पताल रेफर किया गया।

एक साथ 4 पर हमला

शुक्रवार को कुत्ते ने एक बार फिर आतंक मचाते हुए चार अन्य लोगों को घायल कर दिया। इनमें कन्नौज निवासी सतेंद्र यादव, गांव के नंद किशोर, पांच वर्षीय नायरा और छह वर्षीय रहनुमा शामिल हैं। सभी लोग अलग-अलग स्थानों पर अपने कामों से बाहर निकले थे, तभी कुत्ते ने उन पर झपट्टा मारा। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है।

रोज़ 150 से अधिक लोग लगवा रहे रेबीज का टीका!

ग्रेटर नोएडा के डाढ़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र प्रभारी डाॅ. नारायण किशोर ने बताया कि हाल के दिनों में रेबीज (Rabies) के डर से दनकौर और डाढ़ा स्वास्थ्य केंद्रों पर रोजाना 150 से अधिक लोग रेबीज का टीका लगवा रहे हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द पागल कुत्ते को पकड़ा जाए, ताकि गांव में फैली यह दहशत समाप्त हो सके।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *