‘परिवार ही डाल रहा था सरपंच पद छोड़ने का दबाव!’ नदी में कूदने से पहले अपलोड किया विस्फोटक वीडियो, मंदसौर में महिला सरपंच की लाश मिली

मंदसौर के सुवासरा थाना क्षेत्र के बसई गांव में सरपंच (Sarpanch) कन्या बाई (Kanya Bai) की तैरती हुई लाश मिलने से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। बताया गया है कि नदी में कूदने से पहले सरपंच कन्या बाई ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो अपलोड किया था।
वीडियो में उन्होंने अपने परिवार के सदस्यों पर ही सरपंच पद छोड़ने के लिए दबाव डालने के गंभीर आरोप लगाए।
वीडियो में क्या बोली थीं सरपंच कन्या बाई?
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में कन्या बाई कहती हैं कि, “दो साल से लड़ते-लड़ते थक गई हूं। रोज गाली-गलौज होती है, मारपीट होती है। मेरे बेटे को मेरे खिलाफ भड़काते हैं। मरना है तो एक बार मर जाओ, मैं सरपंच पद छोड़ना चाहती हूं। मैं अब इस दबाव और मानसिक पीड़ा को नहीं झेल सकती।”
सुवासरा पुलिस ने कन्या बाई का मोबाइल फोन और सोशल मीडिया वीडियो जब्त कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस परिवारजनों से लगातार पूछताछ कर रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और वीडियो की जांच के बाद ही घटना की असली वजह स्पष्ट हो पाएगी। पुलिस मृतिका की मानसिक और पारिवारिक परिस्थितियों पर विशेष ध्यान देकर मामले की जांच कर रही है।