प्रशांत किशोर का बड़ा दावा, बिहार चुनाव में मुकाबला एनडीए और जन सुराज के बीच, महागठबंधन तीसरे स्थान पर

बिहार चुनाव की तारीखें जैसे-जैसे नजदीक आती जा रही हैं, राजनीतिक दल और उनके नेताओं की रैली के साथ बयानबाजी भी तेज होती जा रही है।
इस बीच जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर (पीके) ने बिहार में चुनावी मुकाबले को लेकर एक बड़ा दावा किया है। उनका मानना है कि प्रदेश में चुनावी लड़ाई एनडीए और जन सुराज के बीच है। उन्होंने महागठबंधन को इसमें रखा ही नहीं है। जन सुराज राज्य की सभी २४३ सीटों पर चुनावी मैदान में है।
बिहार चुनाव में लड़ाई एनडीए और जन सुराज के बीच – प्रशांत किशोर
न्यूज एजेंसी एएनआई की एक रिपोर्ट के अनुसार, आज बिहार के पूर्णिया में जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर ने कहा कि बिहार विधानसभा चुनाव में लड़ाई एनडीए और जन सुराज के बीच है और महागठबंधन तीसरे स्थान पर रहेगा। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) नेता तेजस्वी यादव के चुनावी वादे के बारे में पूछे जाने पर जन सुराज के संस्थापक ने कहा कि पिछले ५ दिनों में तेजस्वी यादव द्वारा की गई घोषणाओं का कोई मतलब नहीं है।
प्रशांत किशोर ने एएनआई से कहा, “हम हर विधानसभा क्षेत्र का दौरा कर रहे हैं। महागठबंधन तीसरे स्थान पर है। लड़ाई एनडीए और जन सुराज के बीच है। पिछले ५ दिनों में तेजस्वी यादव द्वारा की गई घोषणाओं का कोई मतलब नहीं है। वे प्रासंगिक बनने और दौड़ में आने के लिए यह सब कह रहे हैं। कोई भी ध्यान नहीं दे रहा है।”
किसी को भी रोजी-रोटी के लिए राज्य नहीं छोड़ना पड़ेगा
इससे पहले रविवार को मधुबनी में एक चुनावी रैली में पत्रकारों से बात करते हुए प्रशांत किशोर ने दावा किया कि मतदाता नीतीश कुमार-भाजपा और लालू यादव-राजद के बीच भय से प्रेरित विकल्पों से आगे बढ़ रहे हैं, और बिहार के युवाओं पर केंद्रित एक नेतृत्वहीन, जाति-तटस्थ विकल्प पेश कर रहे हैं।
उन्होंने कहा, “आप बिहार में एक नया राजनीतिक इतिहास बनते देखेंगे और ३० साल से जो दौर चला आ रहा था, जिसमें लोग लालू जी के डर से नीतीश कुमार-बीजेपी को वोट देते थे और बीजेपी के डर से लालू यादव को वोट देते थे, वह खत्म हो रहा है। अगर जन सुराज पार्टी की सरकार बनती है, तो किसी को भी रोजी-रोटी के लिए राज्य नहीं छोड़ना पड़ेगा।“
तेजस्वी बिहार के नायक नहीं हो सकते
राजद और उसके समर्थक तेजस्वी यादव को बिहार का नायक बता रहे हैं। इस बीच प्रशांत किशोर ने आरजेडी नेता तेजस्वी यादव पर भी निशाना साधा और कहा, “अगर बिहार को बर्बाद करने वालों को ‘नायक’ कहा जाता है, तो खलनायक कौन है?“
महागठबंधन के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार तेजस्वी यादव को उनके समर्थकों द्वारा “बिहार का नायक” कहे जाने के सवाल पर किशोर ने जवाब दिया, “बिहार की जनता जानती है कि किन लोगों ने बिहार को इस स्थिति में पहुंचाया है…” उन्होंने साफ कहा, “वे (तेजस्वी यादव) बिहार के नायक नहीं हो सकते।“
२४३ सीटों पर दो चरणों में वोटिंग, १४ नवंबर को आएंगे नतीजे
बिहार विधानसभा की कुल २४३ सीटों के लिए वोटिंग होनी है। चुनाव आयोग ने बिहार में कुल २ चरणों में विधानसभा चुनाव कराने की घोषणा की है। पहले चरण का चुनाव ६ नवंबर २०२५ को और दूसरे चरण का चुनाव ११ नवंबर २०२५ को होगा। नतीजे १४ नवंबर २०२५ को आएंगे। बहुमत के लिए १२२ सीटों पर जीत जरूरी है।