अयोध्या में रामलला का मुख्य मंदिर पूरी तरह बनकर तैयार, ट्रस्ट ने भक्तों के साथ साझा की खुशखबरी

अयोध्या में रामलला का मुख्य मंदिर पूरी तरह बनकर तैयार, ट्रस्ट ने भक्तों के साथ साझा की खुशखबरी

लंबे इंतजार के बाद अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण कार्य पूरा हो गया है। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व में ट्विटर) पर यह जानकारी साझा करते हुए सभी रामभक्तों को बधाई दी। ट्रस्ट के अनुसार रामलला का मुख्य मंदिर पूरी तरह बनकर तैयार है।

परकोटा क्षेत्र में भगवान शिव, भगवान गणेश, भगवान हनुमान, सूर्यदेव, देवी भगवती, देवी अन्नपूर्णा और शेषावतार मंदिर का निर्माण भी पूरा हो चुका है। इन सभी पर ध्वजदण्ड और कलश स्थापित हो चुके हैं।

इन मंदिरों और प्रतिमाओं का काम भी हुआ पूरा

महर्षि वाल्मीकि, वशिष्ठ, विश्वामित्र, महर्षि अगस्त्य, निषादराज, शबरी और ऋषि पत्नी अहल्या के सप्त मण्डप का निर्माण भी पूर्ण हो चुका है। संत तुलसीदास मंदिर भी बन गया है, साथ ही जटायु और गिलहरी की प्रतिमाएं स्थापित की जा चुकी हैं। ट्रस्ट ने बताया कि जिन कार्यों का सीधा सम्बन्ध दर्शनार्थियों की सुविधा और व्यवस्था से है, वे सभी पूर्ण हो चुके हैं।

किन जगहों पर चल रहा है काम?

ट्रस्ट ने यह भी स्पष्ट किया कि मानचित्र के अनुसार कुछ कार्य अभी भी तीव्र गति से चल रहे हैं, जिनका सीधा सम्बन्ध जनता के दर्शन से नहीं है:

  • सड़कें और फ्लोरिंग: L&T द्वारा सड़कों और फ्लोरिंग पर पत्थर लगाने का कार्य चल रहा है।
  • भू-सौंदर्यकरण: GMR द्वारा १० एकड़ में भूमि सौंदर्यीकरण, हरियाली और लैंडस्केपिंग के साथ पंचवटी का निर्माण किया जा रहा है।
  • अन्य निर्माण: ३.५ किलोमीटर लंबी चारदीवारी, ट्रस्ट कार्यालय, अतिथि गृह और सभागार जैसे कार्य अभी निर्माणाधीन हैं।

ट्रस्ट ने कहा कि इन कार्यों के पूरा होने के बाद राम मंदिर परिसर एक भव्य और पूर्ण धार्मिक केंद्र के रूप में उभरेगा।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *