बगावत या भूल? RJD पर निशाना साधते हुए CM रेखा गुप्ता ने ही खोल दी नीतीश-NDA के 20 साल के विकास की पोल!
बिहार विधानसभा चुनाव के बीच दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता का मुजफ्फरपुर रैली में दिया गया एक बयान इस समय पूरे देश में सियासी बवाल का कारण बन गया है। बुधवार को एक जनसभा को संबोधित करते हुए, रेखा गुप्ता ने राष्ट्रीय जनता दल (RJD) पर जमकर हमला बोला, लेकिन इस दौरान उन्होंने अनजाने में ही बिहार में अपनी गठबंधन सरकार यानी एनडीए (NDA) के पिछले 20 सालों के शासन पर सवाल खड़े कर दिए।
सीएम रेखा गुप्ता ने चुनावी रैलियों में RJD के ‘लालटेन’ को आड़े हाथों लेते हुए कहा, “लालटेन वालों ने बिहार के लोगों को अंधेरे में रखा है, लेकिन अब चिंता की जरूरत नहीं है। आज LED का समय है। पीएम मोदी और सीएम नीतीश ने मिलकर बिहार को अंधेरे से बाहर निकाला है।”
हालांकि, उनके अगले बयान ने विपक्ष को हमलावर होने का मौका दे दिया। उन्होंने कहा, “मैं पूछना चाहती हूं कि बिहार इतने सालों तक कष्ट क्यों झेलता रहा? ऐसा इसलिए है क्योंकि ‘लालटेन’ के शासन के दौरान पिछली सरकार का हिस्सा रहे लोगों को केवल अपने परिवारों की चिंता थी, बिहार के लोगों की नहीं। अगर काम किया होता तो आज बिहार में न जाने कितना काम हो जाता। आज बिहार के युवाओं को अपना घर छोड़कर जीवन यापन के लिए कहीं और क्यों जाना पड़ रहा है?”
उनका यह वीडियो सोशल मीडिया पर तुरंत वायरल हो गया, जिसके बाद कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों ने सीधे NDA सरकार पर निशाना साधा। कांग्रेस ने सवाल किया, “पिछले 20 सालों से बिहार में एनडीए सरकार सत्ता में है। रेखा गुप्ता कह रही हैं कि बिहार में कोई विकास नहीं हुआ है। सवाल यह है कि नीतीश कुमार को बिहार का विकास करने से किसने रोका था?”
शिवसेना (UBT) सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने CM रेखा गुप्ता के इस बयान को “ईमानदारी” बताया और कटाक्ष किया कि वह बिहार में अपने ही “निकम्मे भाजपा गठबंधन” पर आरोप लगा रही हैं। आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह ने भी हमला बोलते हुए कहा कि जब 20 साल से BJP-JDU का राज है तो मैडम क्यों सवाल कर रही हैं। उन्होंने रेखा गुप्ता पर दिल्ली में बिहारियों के खिलाफ काम करने का भी आरोप लगाया। CM रेखा गुप्ता के इस बयान ने अब बिहार चुनाव में एक नया मोड़ ला दिया है, जिसने सत्ताधारी गठबंधन को बैकफुट पर धकेल दिया है।