महाजन फील्ड रेंज में गर्जा T-72 टैंक और 130MM गन! सेना ने दिखाया आधुनिक युद्ध कौशल, देखें ताकतवर प्रदर्शन।
महाजन फील्ड फायरिंग रेंज में आज भारतीय सेना ने अपने आधुनिक युद्ध कौशल और अत्याधुनिक हथियारों की ताकत का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। दक्षिण पश्चिमी कमान के लेफ्टिनेंट जनरल मंजिंदर सिंह की उपस्थिति में आयोजित ‘इंटीग्रेटेड फायरिंग एक्सरसाइज’ में सेना ने यह संदेश दिया कि देश की सीमाएं पूरी तरह सुरक्षित हाथों में हैं।
इस अभ्यास के दौरान भारत में निर्मित टैंक, मिसाइलें, ड्रोन, फाइटिंग हेलीकॉप्टर और अत्याधुनिक गन का इस्तेमाल किया गया। सेना ने साबित किया कि भारतीय रक्षा प्रणाली न केवल आत्मनिर्भर है, बल्कि हर परिस्थिति में दुश्मन को जवाब देने के लिए पूरी तरह तैयार भी है।
टैंकों की गर्जना और सटीक निशाना अभ्यास के दौरान सेना ने डिफेंसिव रणनीति के तहत दुश्मन की आक्रामकता को मात देने की क्षमता का प्रदर्शन किया। जब बीएमपी-२ (BMP-2) टैंक रेगिस्तान की रेत पर गरजा, टी-७२ (T-72) ने सटीक निशाना साधा और १३० मिमी मीडियम गन से आग बरसी, तो पूरा इलाका युद्ध जैसी गूंज से भर उठा।
सैनिकों ने वास्तविक युद्ध की परिस्थितियों में एकजुट होकर हमला, समन्वय और रक्षा की रणनीति को अंजाम दिया। WSI सिस्टम (Weapon System Integration) के उपयोग से यह दिखाया गया कि आधुनिक तकनीक कमांड कंट्रोल और फायरिंग समन्वय को किस तरह अधिक सटीक बनाती है।
जवानों के जज्बे को सलाम लेफ्टिनेंट जनरल मंजिंदर सिंह ने जवानों का हौसला बढ़ाते हुए कहा कि भारतीय सेना की असली शक्ति उसके अनुशासन, टीमवर्क और प्रशिक्षण में निहित है। उन्होंने कहा कि आधुनिक हथियार सेना की ताकत का केवल एक हिस्सा हैं, जबकि असली शक्ति सैनिकों के जज्बे और तैयारी में होती है। उन्होंने कहा कि “महाजन की रेत में जो आग और जोश दिखाई दे रहा है, वही हमारी सीमाओं की सुरक्षा की सबसे बड़ी गारंटी है।” इस भव्य एक्सरसाइज ने राष्ट्र की सुरक्षा के प्रति भारतीय सेना की अटूट प्रतिबद्धता को जीवंत रूप से प्रदर्शित किया।