फ्रांस में हॉलीवुड-स्टाइल चोरी: लियोन गोल्ड रिफाइनरी की दीवार उड़ाकर ₹122 करोड़ का सोना लूटा!

फ्रांस में एक बार फिर हॉलीवुड-स्टाइल की चोरी की वारदात ने सबको हैरान कर दिया है। पेरिस के मशहूर लूव्र म्यूजियम में हुई कीमती गहनों की चोरी के कुछ ही दिनों बाद अब लियोन के पास एक गोल्ड रिफाइनरी (सोना शोधनशाला) को निशाना बनाया गया। चोरों ने धमाके से दीवार तोड़ी और 12 मिलियन यूरो (करीब ₹122.4 करोड़) का सोना लूट लिया।

हालांकि, पुलिस ने पीछा कर छह संदिग्धों को तुरंत गिरफ्तार कर लिया है और चोरी का पूरा माल बरामद कर लिया है। लगातार दो बड़ी और पेशेवर वारदातों ने फ्रांस की सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है। दोनों ही मामलों में चोरों ने योजना बनाने, भारी हथियार और विस्फोटक का इस्तेमाल करने तथा कुछ ही मिनटों में वारदात को अंजाम देने में पेशेवर तरीका अपनाया।

विस्फोट से खुला रास्ता, लूट में लगी वैन

यह घटना फ्रांस के लियोन शहर के पास Pourquery Laboratories नाम की प्रेशियस मेटल्स रिफाइनरी में हुई। चोरों ने गुरुवार देर रात विस्फोटक का इस्तेमाल कर दीवार उड़ा दी और अंदर दाखिल हो गए। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में दो लोग एक सफेद वैन के पास दिखाई दिए। एक ने सीढ़ी लगाकर बाउंड्री पार की, जबकि दूसरा हथियार लिए अंदर घुस गया। कुछ मिनटों बाद एक ज़ोरदार धमाका हुआ और चोर सोने से भरे ब्रीफकेस वैन में लादते नजर आए। धमाके में कंपनी के पाँच कर्मचारियों को हल्की चोटें आईं।

पुलिस की पीछा कर कार्रवाई, महिला समेत छह गिरफ्तार

घटना के बाद पुलिस ने पूरे इलाके में नाकेबंदी की और संदिग्ध वैन का पीछा किया। कुछ ही घंटों में पुलिस ने वैन को रोक लिया और छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया, जिनमें एक महिला भी शामिल है। अधिकारियों ने बताया कि चोरों के पास से असॉल्ट राइफल्स और विस्फोटक भी मिले हैं। पुलिस का कहना है कि बरामद लूट पूरी तरह सुरक्षित है।

लूव्र म्यूजियम में चोरी के बाद दूसरी बड़ी घटना

यह वारदात ऐसे समय में हुई है जब पेरिस के लूव्र म्यूजियम में हुई चोरी की जाँच अभी जारी है। 19 अक्टूबर को चार चोरों ने दिनदहाड़े Gallery of Apollo में रखे क्राउन ज्वेल्स चुरा लिए थे। चोरों ने मैकेनिकल लिफ्ट के जरिए ऊपर चढ़कर डिस्प्ले केस डिस्क कटर से काटे और करीब 88 मिलियन यूरो के गहने लेकर फरार हो गए थे। पुलिस ने अब तक सात लोगों को पकड़ा है, जबकि एक आरोपी अब भी फरार है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *