भारतीय सेना के ‘त्रिशूल’ अभ्यास से डरा हाफिज सईद लाहौर में बड़ा सम्मेलन रद्द

आतंकी हाफिज सईद के राजनीतिक मोर्चे पाकिस्तान मिल्ली मुस्लिम लीग (एमएमएल) ने 2 नवंबर को लाहौर में होने वाला अपना वार्षिक कार्यकर्ता सम्मेलन स्थगित कर दिया है। लश्कर-ए-तैयबा (एलईटी) और जमात-उद-दावा (जेयूडी) से जुड़े इस संगठन ने बाहरी खतरों का हवाला देते हुए यह फैसला लिया है। सूत्रों के मुताबिक, सम्मेलन टालने के पीछे की मुख्य वजह भारतीय सेना द्वारा पाकिस्तान सीमा के पास किया जा रहा अब तक का सबसे बड़ा संयुक्त युद्धाभ्यास ‘त्रिशूल’ है, जिससे पाकिस्तान में हलचल मची हुई है।
इस विशाल आयोजन को रद्द करने की मंजूरी संगठन के प्रमुख हाफिज सईद ने दी है, जो इसे संबोधित करने वाले थे। 30 अक्टूबर से 10 नवंबर तक चलने वाले ‘त्रिशूल 2025’ अभ्यास में भारतीय सेना के तीनों अंगों के 25 हजार जवान शामिल हैं, जिसकी जटिलता और पैमाना काफी बड़ा है। इस सैन्य अभ्यास को लेकर पाकिस्तान की चिंता का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि उसने 1 से 30 नवंबर तक अपने हवाई क्षेत्र के बड़े हिस्से को बंद करने के लिए दूसरा ‘नोटिस टू एयरमेन’ (NOTAM) भी जारी कर दिया है।