121 ATM कार्ड, 46 सिम कार्ड जब्त! 4 बांग्लादेशी समेत 7 गिरफ्तार, भारत में फैला रहे थे जाल?

बांग्लादेश से अवैध रूप से घुसपैठ कर भारत में साइबर धोखाधड़ी का रैकेट चलाने के आरोप में मुर्शिदाबाद जिला पुलिस ने 4 बांग्लादेशी नागरिकों सहित कुल 7 लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के पास से 121 एटीएम कार्ड, 46 सिम कार्ड, 2 लैपटॉप और करीब 2 लाख रुपये नकद समेत बड़ी संख्या में धोखाधड़ी का सामान जब्त किया गया है। साइबर फ्रॉड रैकेट में पहली बार सीधा विदेशी कनेक्शन सामने आने से पुलिस की चिंता बढ़ गई है।

मुर्शिदाबाद के बरंजा थाना क्षेत्र के मुनाईकांद्रा गांव में गुरुवार रात गुप्त सूचना के आधार पर साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन की टीम ने छापेमारी की। इसी दौरान यह गिरोह पकड़ा गया। गिरफ्तार किए गए बांग्लादेशी घुसपैठियों में मिन्हाज शेख, सिपत शेख, शान शेख और रवि शेख शामिल हैं, जो बांग्लादेश के राजशाही जिले के निवासी हैं। अन्य तीन भारतीय नागरिक सोनाबुल शेख, फिरोज शेख और मोहम्मद आरिफ बरंजा थाना क्षेत्र के ही रहने वाले हैं।

बरामदगी पर एक नजर:

  • 121 एटीएम कार्ड
  • 46 सिम कार्ड
  • 13 मोबाइल फोन
  • 2 लैपटॉप
  • लगभग 2 लाख रुपये नकद

शुक्रवार को सभी आरोपियों को अदालत में पेश कर पुलिस हिरासत की मांग की गई है। अतिरिक्त जिला पुलिस अधीक्षक (लालबाग) राशप्रीत सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि, “गिरफ्तार लोगों में चार बांग्लादेशी हैं। यह जांच की जा रही है कि इस रैकेट में और कौन शामिल है, वे कब और कैसे भारत में घुसे और उन्होंने किन लोगों को ठगा है।”

पुलिस का मानना ​​है कि गिरफ्तार आरोपी एक संगठित गिरोह बनाकर वित्तीय धोखाधड़ी कर रहे थे। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि क्या उन्होंने एटीएम काउंटरों पर लूटपाट की है। गौरतलब है कि पिछले दो महीनों में मुर्शिदाबाद में साइबर धोखाधड़ी के मामलों में पुलिस ने करीब डेढ़ करोड़ रुपये बरामद किए हैं। हालांकि, साइबर रैकेट में बांग्लादेशी घुसपैठियों के शामिल होने से पुलिस की चिंता और बढ़ गई है। अधिकारियों का मानना ​​है कि कई बांग्लादेशी अवैध रूप से भारत में छिपे हुए हैं और जामताड़ा गैंग की तर्ज पर वे फर्जी नौकरी, डीलरशिप या वाहन बिक्री के नाम पर ऑनलाइन धोखाधड़ी के नए तरीके अपना रहे हैं।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *