20 घंटे बत्ती गुल, ₹17/यूनिट चार्ज! बिल्डर ने निवासियों पर डाला DG सेट का पूरा बोझ, अथॉरिटी से शिकायत
ग्रेटर नोएडा वेस्ट: ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित विक्ट्री वन सोसायटी में लगभग 20 घंटे तक बिजली गुल रहने से निवासियों में हाहाकार मच गया। सोमवार शाम से लेकर मंगलवार दोपहर तक चले इस लंबे पावर कट के दौरान सोसायटी में डीजी सेट से बिजली सप्लाई की गई, जिसके लिए बिल्डर प्रबंधन ने निवासियों से 17 रुपये प्रति यूनिट तक वसूले हैं। इस मनमानी वसूली से सोसायटी के लोग गुस्से में हैं।
निवासी प्रशांत कुमार के अनुसार, सोमवार शाम अचानक बिजली चली गई और बार-बार शिकायत के बावजूद बिल्डर प्रबंधन ने कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी। सुबह एक नोटिस में इस फॉल्ट को एनपीसीएल (NPCL) का तकनीकी फॉल्ट बताया गया, लेकिन निवासियों का आरोप है कि यह बिल्डर की आंतरिक व्यवस्था में गड़बड़ी के कारण हुआ।
करीब 20 घंटे बाद मंगलवार दोपहर को बिजली सप्लाई बहाल हुई। लेकिन इस दौरान डीजी सेट चलने से डीजल खर्च का पूरा बोझ निवासियों पर डाल दिया गया। निवासियों ने आरोप लगाया कि यह समस्या पहली बार नहीं हुई है, आए दिन इस तरह की कटौती होती रहती है, लेकिन बिल्डर स्थायी समाधान नहीं निकाल रहा। अब परेशान निवासियों ने इस मामले को लेकर प्राधिकरण और एनपीसीएल अधिकारियों से औपचारिक शिकायत करने का फैसला किया है।