‘गलत कमेंट’ पर खूनी गुस्सा, दोस्त ने साथियों के साथ मिलकर लोहे की राड से हमला कर मार डाला, CCTV से 4 आरोपी गिरफ्तार
खजराना थाना क्षेत्र में एक बेहद सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहाँ प्रेमिका पर ‘गलत कमेंट’ और पैसों के मामूली लेन-देन से गुस्साए एक प्रेमी ने अपने ही दोस्त की लोहे की रॉड से पीट-पीटकर हत्या कर दी। मृतक और मुख्य आरोपी दोनों पहले एक ही कंपनी में काम करते थे और आपस में दोस्त थे। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर तेज़ी दिखाते हुए चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक, यह वारदात सोमवार रात 7.30 बजे साई कृपा कॉलोनी के मोड़ पर हुई। स्कीम नंबर 78 निवासी हर्ष गुप्ता (25) पर उसके दोस्त ऋषभ मिश्रा ने अपने साथी विजेंद्र, आदित्य और रितुल के साथ मिलकर हमला कर दिया। इस हमले की वजह एक-दो हज़ार रुपये का लेन-देन और गर्लफ्रेंड पर किया गया गलत कमेंट था। अस्पताल ले जाते समय हर्ष की मौत हो गई।
तत्कालीन विवाद में हुई हत्या
मृतक हर्ष और मुख्य आरोपी ऋषभ निजी कंपनी में काम करते थे। किसी का भी कोई पुराना आपराधिक रिकॉर्ड नहीं है। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि ऋषभ और हर्ष के बीच रुपये के लेन-देन और कमेंट को लेकर तत्कालीन विवाद हुआ था, जिस पर उन्होंने यह हमला किया। उन्होंने पहले से हत्या की कोई योजना नहीं बनाई थी।
हालांकि, मृतक के दोस्त अश्विन के बयान के मुताबिक, जब वे इंटरव्यू देने के बाद चाय पीने के लिए बाहर आए, तो चार-पांच लोग पहले से ही मुंह पर कपड़ा बांधकर खड़े थे और उनका पीछा कर रहे थे। जब हर्ष ने बताया कि वे उन्हीं को देख रहे हैं, तो वे जगह बदलकर दूसरी जगह गए, जहाँ आरोपियों ने पहुँचकर लोहे की रॉड से हमला कर दिया।
अलग-अलग जिलों के हैं आरोपी
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से हमले में इस्तेमाल की गई लोहे की रॉड और वाहन जब्त कर लिया है। गिरफ्तार किए गए मुख्य आरोपी और उसके साथी मध्य प्रदेश के अलग-अलग जिलों के रहने वाले हैं:
- ऋषभ मिश्रा (25): (मुख्य आरोपी) नानक नगर रांझी, जबलपुर का रहने वाला है।
- विजेंद्र सिंह (24): जीरापुर, राजगढ़ का रहने वाला है और इंदौर में केयरटेकर का काम करता है।
- आदित्य जाट (24): होशंगाबाद का रहने वाला है, नौकरी की तलाश में था।
- रितुल मिश्रा (22): लसुड़िया का रहने वाला है।
मूल रूप से रतलाम के रहने वाले हर्ष को गंभीर हालत में कई निजी अस्पतालों में ले जाया गया, जहाँ किसी ने भर्ती नहीं किया। अंत में, एमवाय अस्पताल पहुँचने पर उसकी मौत हो गई।