नीली बत्ती वाली सरकारी कार से हुई थी लाश ‘पार’! न्यूटाउन मर्डर मिस्ट्री में सनसनीखेज मोड़, BDO पर शिकंजा कसना बाकी
स्वर्ण व्यवसायी हत्याकांड में अब एक सनसनीखेज मोड़ आ गया है। न्यूटाउन मर्डर केस में तृणमूल कांग्रेस के ब्लॉक अध्यक्ष को गिरफ्तार किया गया है। दूसरी ओर, मुख्य आरोपी राजगंज के बीडीओ प्रशांत बर्मन का झूठ भी बेनकाब हो गया है। बीडीओ ने दावा किया था कि न्यूटाउन में उनका कोई फ्लैट नहीं है, लेकिन अब पुलिस को उस फ्लैट से जुड़े अहम दस्तावेज़ मिले हैं।
सूत्रों के मुताबिक, न्यूटाउन के एबी ब्लॉक में स्थित उस घर का बिजली मीटर बीडीओ प्रशांत बर्मन के नाम पर ही है। उन्होंने पहले पुलिस की पूछताछ में न्यूटाउन में फ्लैट होने की बात से इनकार किया था।
बिधाननगर डिटेक्टिव डिपार्टमेंट की पुलिस ने कूचबिहार निवासी सजल सरकार को सिलीगुड़ी से गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि गिरफ्तार सजल सरकार कूचबिहार जिले में तृणमूल के ब्लॉक अध्यक्ष पद पर हैं। उन्हें कोलकाता लाकर पूछताछ की जाएगी। आरोप है कि 28 अगस्त को न्यूटाउन के उसी फ्लैट में स्वर्ण व्यवसायी स्वपन कामिल्या की पीट-पीटकर हत्या किए जाने के दौरान सजल सरकार भी वहां मौजूद थे।
इससे पहले पुलिस ने मुख्य आरोपी बीडीओ के ड्राइवर राजू ढाली और उनके दोस्त व ठेकेदार तूफान थापा को गिरफ्तार किया था। उनकी पूछताछ से पुलिस को पता चला कि घटना के दिन कुल छह लोगों ने मिलकर व्यवसायी के साथ मारपीट की थी, जिससे सिर में चोट लगने से उनकी मौत हो गई थी। इसके बाद बीडीओ प्रशांत बर्मन के निर्देश पर ही व्यवसायी के शव को उनकी नीली बत्ती वाली सरकारी कार में न्यूटाउन के जात्रागाछी नहर किनारे फेंक दिया गया था।
अब तक तीन गिरफ्तारियां हो चुकी हैं, लेकिन मुख्य आरोपी राजगंज के बीडीओ प्रशांत बर्मन अभी भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं।