सभी अटकलें खत्म! मुश्किल वक्त से गुजरकर अस्पताल से घर लौटे धर्मेन्द्र, हेमा मालिनी ने दी सेहत की जानकारी
मुंबई: बॉलीवुड के वेटरन अभिनेता धर्मेन्द्र बुधवार सुबह अस्पताल से डिस्चार्ज होकर घर लौट आए हैं। मंगलवार सुबह अचानक उनके निधन की झूठी खबर फैलने पर देओल परिवार ने सोशल मीडिया पर मीडिया को जमकर फटकार लगाई थी। अब धर्मेन्द्र के घर लौटने से पूरे परिवार ने राहत की साँस ली है।
अभिनेता की सेहत को लेकर पत्नी हेमा मालिनी (Hema Malini) स्वाभाविक रूप से चिंतित थीं। उन्होंने बताया कि धर्मेन्द्र के अस्पताल में रहने के दौरान सनी देओल, बॉबी देओल और ईशा देओल समेत पूरे परिवार ने रात-दिन अस्पताल में ही बिताया।
हेमा मालिनी ने मीडिया को बताया, “हम बहुत मुश्किल दौर से गुज़रे हैं। धर्म जी के स्वास्थ्य को लेकर हम बहुत चिंतित थे। पूरा परिवार रात भर सो नहीं पाया। इस दौरान मुझे खुद को मजबूत रखना पड़ा, क्योंकि मेरे कंधों पर बहुत ज़िम्मेदारियाँ थीं।” उन्होंने आगे कहा, “अब अच्छा लग रहा है कि वह घर लौट आए हैं। वह धीरे-धीरे ठीक हो रहे हैं। अब सब कुछ भगवान के हाथ में है।”
गौरतलब है कि धर्मेन्द्र का इलाज मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में डॉ. प्रतीत समदानी की निगरानी में चल रहा था। डॉ. समदानी ने समाचार एजेंसी पीटीआई को पुष्टि की, “बुधवार सुबह सात बजे धर्मेन्द्र जी को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। उनके परिवार के सदस्यों ने घर पर ही उनका इलाज जारी रखने का फैसला किया है।”
आपको बता दें कि दो दिन पहले कई मीडिया संस्थानों में अभिनेता के निधन की झूठी खबरें प्रकाशित हुई थीं, जिस पर धर्मेन्द्र की बेटी और अभिनेत्री ईशा देओल (Esha Deol) ने इंस्टाग्राम पर कड़ा विरोध जताया था। उन्होंने लिखा था, “मेरे पिता की शारीरिक स्थिति स्थिर है और वह ठीक हो रहे हैं। सभी से अनुरोध है कि हमारे परिवार की गोपनीयता का सम्मान करें।” साथ ही, सनी देओल (Sunny Deol) की टीम ने भी सभी से धर्मेन्द्र के लंबे जीवन के लिए प्रार्थना करने का आग्रह किया था।