लॉरेंस बिश्नोई का भाई अनमोल बिश्नोई NIA की हिरासत में, कोर्ट में पेश कर 15 दिन की रिमांड की मांग

राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) नेता बाबा सिद्दीकी की हत्या के आरोपी एवं गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के भाई अनमोल बिश्नोई को बुधवार (19 नवंबर) को दिल्ली की पटियाला हाउस अदालत में पेश किया गया।

राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) ने अमेरिका से प्रत्यर्पण के उपरांत गिरफ्तार किए गए अनमोल को शाम करीब पांच बजे विशेष न्यायाधीश प्रशांत शर्मा के समक्ष पेश किया। संघीय एजेंसी ने अदालत से अनमोल को 15 दिन की हिरासत में भेजने का अनुरोध किया।

अदालत परिसर और उसके आसपास कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। सुरक्षा कारणों से मीडियाकर्मियों को अदालती कार्यवाही में शामिल होने की अनुमति नहीं थी।

अनमोल कई बड़े अपराधों में वांछित है, जिनमें राकांपा नेता बाबा सिद्दीकी की हत्या, अप्रैल 2024 में बॉलीवुड स्टार सलमान खान के घर पर गोलीबारी और पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला की हत्या शामिल हैं। अनमोल को मंगलवार को अमेरिका से प्रत्यर्पित किया गया था और उसे पिछले साल नवंबर में अमेरिका में हिरासत में लिया गया था।

वर्ष 2022 से फरार अनमोल, जेल में बंद अपने भाई लॉरेंस बिश्नोई के नेतृत्व वाले आतंकी-सिंडिकेट में शामिल होने के आरोप में गिरफ्तार होने वाला 19वां आरोपी है।

एनआईए ने एक बयान में कहा कि उन्होंने मार्च 2023 में ही अनमोल के खिलाफ आरोप-पत्र दाखिल किया था। जांच में यह सामने आया था कि उसने 2020 से 2023 की अवधि के दौरान देश में विभिन्न आतंकवादी कृत्यों को अंजाम देने में घोषित आतंकवादी गोल्डी बराड़ और लॉरेंस बिश्नोई की सक्रिय रूप से मदद की थी।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *