पाक आतंकियों की सक्रियता पर भारत-बांग्लादेश की खुफिया वार्ता? डोभाल-खलीलुर की मुलाकात ने बढ़ाई हलचल

भारत के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (NSA) अजीत डोभाल ने हाल ही में अपने बांग्लादेशी समकक्ष खलीलुर रहमान से मुलाकात की। नई दिल्ली में हुई इस उच्च-स्तरीय बैठक में कोलंबो सिक्योरिटी कॉन्क्लेव और विभिन्न द्विपक्षीय मुद्दों पर चर्चा हुई। हालांकि, बैठक की विस्तृत जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है, लेकिन यह मुलाकात ऐसे समय में हुई है जब बांग्लादेश में पाकिस्तानी आतंकी समूहों की बढ़ती सक्रियता और निर्वासित पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना के प्रत्यर्पण के लिए ढाका के अनुरोध जैसे संवेदनशील मुद्दे मौजूद हैं।
यह बैठक तब हुई जब डेक्कन क्रॉनिकल की एक रिपोर्ट में लश्कर के शीर्ष कमांडर सैफुल्लाह सैफ की बांग्लादेशी अधिकारियों और प्रतिबंधित इस्लामी संगठनों के नेताओं के साथ आभासी बैठकों का दावा किया गया। रिपोर्ट के अनुसार, एक समारोह में कथित तौर पर पाकिस्तानी आतंकी नेता सैफ ने वर्चुअली हिस्सा लिया था, जहां बांग्लादेशी सरकार के दो अधिकारी भी मौजूद थे। सुरक्षा से जुड़े इन अहम मामलों पर डोभाल और रहमान के बीच कोई विशेष बातचीत हुई है या नहीं, इस पर आधिकारिक चुप्पी है। खलीलुर रहमान ने डोभाल को बांग्लादेश आने का न्योता दिया है।