दिल्ली को दहलाने वाली साजिश का ‘काला सच’! डॉ. मुजम्मिल के फोन में मिले 200 खौफनाक वीडियो, तुर्की कनेक्शन ने उडाए होश

देश की राजधानी दिल्ली में 10 नवंबर को लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास हुए बम धमाके की जांच में एक के बाद एक रोंगटे खड़े कर देने वाले खुलासे हो रहे हैं। जांच एजेंसियों ने इस मामले में अब तक कई लोगों को गिरफ्तार किया है, जिनमें पेशे से डॉक्टर भी शामिल हैं। गिरफ्तार आतंकी डॉ. मुजम्मिल के मोबाइल फोन से जो राज खुले हैं, उसने सुरक्षा एजेंसियों की नींद उड़ा दी है।

जांच के दौरान डॉ. मुजम्मिल, आदिल, शाहीन और इरफान के फोन से डिलीट किए गए डेटा को रिकवर किया गया है। इसमें सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि अकेले मुजम्मिल के फोन से करीब 200 वीडियो बरामद हुए हैं। इन वीडियो में आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद के सरगना मसूद अजहर और ISIS के आतंकियों के जहरीले भाषण शामिल हैं। करीब 80 वीडियो ऐसे हैं जिनमें बम बनाने की विधि, केमिकल रिएक्शन और आतंकी ट्रेनिंग की जानकारी दी गई है।

खुलासा यह भी हुआ है कि मुजम्मिल के फोन में दिल्ली, यूपी और मुंबई समेत कई राज्यों के भीड़भाड़ वाले बाजारों और धार्मिक स्थलों की रेकी के वीडियो भी मौजूद थे। जांच में ‘तुर्की कनेक्शन’ भी सामने आया है। पता चला है कि साल 2022 में मुजम्मिल और धमाके में मारा गया डॉ. उमर तुर्की गए थे, जहां उन्होंने जैश के इशारे पर एक सीरियाई ISIS कमांडर से मुलाकात की थी। उसी कमांडर ने उन्हें बम बनाने की तकनीक सिखाई थी।

गौरतलब है कि 10 नवंबर की शाम हुए इस धमाके में आतंकी डॉ. उमर समेत 13 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 20 से ज्यादा लोग घायल हैं। इस नेटवर्क को तोड़ने के लिए देश भर में छापेमारी जारी है और अब तक दो दर्जन से ज्यादा संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *