SIR फॉर्म जमा! क्या वोटर लिस्ट में नाम सच में जुड़ गया? घर बैठे, 2 मिनट में ऐसे करें चेक!
क्या आपने नए वोटर के रूप में आवेदन किया है या वोटर कार्ड में कोई जानकारी अपडेट करवाई है? बीएलओ (BLO) को एसआईआर (SIR) या एन्यूमरेशन फॉर्म जमा करने या ऑनलाइन प्रक्रिया पूरी करने के बाद आपके मन में सवाल आ सकता है कि क्या आपका नाम वाकई वोटर लिस्ट में शामिल हुआ है?
इस ज़रूरी जानकारी को वेरिफाई करना अब बिल्कुल आसान है। अगर आपके घर या फोन में इंटरनेट कनेक्शन है, तो आप यह काम खुद ही घर बैठे कर सकते हैं। इसके लिए आपको सिर्फ चुनाव आयोग के पोर्टल पर जाना होगा।
कैसे करें यह काम? जानें आसान स्टेप्स
यह जानने के लिए कि आपका नाम वोटर लिस्ट में जुड़ा है या नहीं, सबसे पहले आपको राष्ट्रीय मतदाता सेवा पोर्टल (NVSP) या राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (CEO) की आधिकारिक वेबसाइट पर जाना होगा। ध्यान दें, कई राज्यों (जैसे पश्चिम बंगाल) के अपने पोर्टल भी होते हैं।
- १. सर्च ऑप्शन पर जाएं: वेबसाइट पर जाने के बाद ‘Search in Electoral Roll’ विकल्प पर क्लिक करें।
- २. EPIC नंबर से खोजें: अपना वोटर कार्ड पर मौजूद EPIC (इलेक्ट्रोरल फोटो आइडेंटिटी कार्ड) नंबर दर्ज करें। यह सबसे तेज़ तरीका है।
- ३. विवरण से खोजें: यदि आपके पास EPIC नंबर नहीं है, तो आप विवरण द्वारा खोज कर सकते हैं। इसके लिए अपना नाम, पिता/पति का नाम, आयु, जन्मतिथि, लिंग और राज्य का नाम भरकर सर्च करें।
- ४. लॉग इन और वेरिफाई: सभी जानकारी सही पाए जाने और कैप्चा डालने के बाद, संबंधित पेज पर लॉग इन करें। यहां आप अपने वोटर कार्ड के अपडेट समेत सभी डिटेल्स वेरिफाई कर सकते हैं।
अगर नाम न मिले तो क्या करें?
अगर आपको वोटर लिस्ट में अपना नाम नहीं मिलता है, तो घबराने की ज़रूरत नहीं है। इसका मतलब यह हो सकता है कि आपका जमा किया गया एन्यूमरेशन फॉर्म अभी भी प्रक्रियाधीन है और इसे पोर्टल पर अपलोड होने में समय लग रहा है। इस स्थिति में, आप सीधे अपने इलाके के बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) से संपर्क कर सकते हैं।