किसानों के लिए बड़ी खबर! राजस्थान सरकार देगी सालाना 30,000 रुपये; जानिए किन किसानों को मिलेगी यह बड़ी आर्थिक मदद?

राजस्थान सरकार ने राज्य के चयनित किसानों के लिए एक बड़ी घोषणा की है, जिसके तहत बैलों की मदद से खेती करने वाले किसानों को हर साल 30,000 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी। इस पहल के तहत अब तक 42 हजार से अधिक आवेदन प्राप्त हो चुके हैं।

अधिकारियों ने शुक्रवार को बताया कि राज्य सरकार की इस पहल का मुख्य उद्देश्य पारंपरिक और जैविक खेती पद्धति (Organic Farming) को बढ़ावा देना और गौवंश संरक्षण को प्रोत्साहन देना है। साथ ही, यह सहायता किसानों को आर्थिक संबल प्रदान करेगी।

किन किसानों को मिलेंगे 30,000 रुपये सालाना?

राजस्थान सरकार यह रकम उन किसानों को देगी जो खेती के लिए बैलों का उपयोग करते हैं। बैलों की संख्या में तेजी से कमी आने के कारण सरकार ने यह महत्वपूर्ण कदम उठाया है। इस योजना के तहत, बैलों की एक जोड़ी के मालिकों को सालाना 30,000 रुपये दिए जाएंगे।

कृषि विभाग ऐसे किसानों का डेटाबेस तैयार कर रहा है, जिसके आधार पर पात्र किसानों का चयन किया जाएगा और उन्हें प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। आधिकारिक बयान के अनुसार, डूंगरपुर, बांसवाड़ा और उदयपुर से सबसे ज्यादा आवेदन प्राप्त हुए हैं।

आवेदन प्रक्रिया:

इस सरकारी स्कीम का फायदा उठाने के लिए किसानों को अपने नजदीकी ई-मित्र केंद्र पर जाना होगा या वे सीधे राज किसान साथी पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन के बाद कियोस्क ऑपरेटर द्वारा एप्लीकेशन ली जाएगी।

(जानकारी के लिए, जहां पीएम किसान सम्मान निधि योजना के तहत किसानों को हर साल 2,000 रुपये की तीन किस्तों में कुल 6,000 रुपये दिए जाते हैं, वहीं राजस्थान सरकार की इस नई योजना से बैलों से खेती करने वाले किसानों को अतिरिक्त 30,000 रुपये मिलेंगे।)

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *