MP में तालिबानी सज़ा! चोरी में पकड़े गए युवक को खंभे से बांधा, चप्पलों की माला पहनाकर पीटा- Video वायरल

जबलपुर, मध्य प्रदेश: चोरी करते हुए पकड़े गए एक युवक को ग्रामीणों ने खंभे से बांधकर, जूते-चप्पलों से बेरहमी से पीटा और गले में चप्पलों की माला पहनाकर अपमानित किया। जबलपुर के चरगवां थाना क्षेत्र के मिरगा गांव में ‘तालिबानी स्टाइल’ में सजा देने की यह घटना सामने आई है। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।

पुलिस के अनुसार, तीन युवकों का एक गिरोह राहुल पटेल के घर चोरी कर रहा था। परिवार के घर लौटते ही चोर पकड़े गए। दो आरोपी सोने और चांदी के गहने लेकर भागने में सफल रहे, लेकिन तीसरे आरोपी को ग्रामीणों ने पीछा करके पकड़ लिया।

जूते-चप्पलों की माला और पिटाई

पकड़े जाने के बाद गुस्साई भीड़ जमा हो गई। आक्रोशित भीड़ ने युवक को रस्सी से एक खंभे से बांध दिया, गले में जूतों की माला पहनाई और बेरहमी से पिटाई की। वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि कुछ लोग आरोपी के चेहरे पर बार-बार जूते से मार रहे हैं और उसके सिर पर जूता रख रहे हैं।

सूचना मिलते ही चरगवां पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को भीड़ के चंगुल से छुड़ाया। पुलिस ने पहले घायल आरोपी को अस्पताल पहुंचाया, फिर उससे पूछताछ शुरू की। गिरफ्तार किए गए युवक का नाम विनय उर्फ विनोद चक्रवर्ती (25) है, जो नरसिंहपुर जिले के गोटेगांव का निवासी है। पुलिस ने बताया कि तीनों आरोपियों के खिलाफ जबलपुर, सिवनी और नरसिंहपुर जिलों में आधा दर्जन से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं।

हमलावरों पर भी होगी कार्रवाई

सीएसपी बरगी, अंजू अयांक मिश्रा ने स्पष्ट कहा कि किसी भी सूरत में भीड़ द्वारा कानून हाथ में लेने या इस तरह की हिंसक कार्रवाई को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आरोपी अपराधी हो सकता है, लेकिन किसी को भी उसे सजा देने का अधिकार नहीं है।

पीड़ित परिवार ने चोरी की FIR दर्ज कराई है, वहीं गिरफ्तार आरोपी विनय उर्फ विनोद ने भी अपने ऊपर हमला करने वाले अज्ञात ग्रामीणों के खिलाफ मारपीट की शिकायत दर्ज कराई है। वायरल वीडियो फुटेज के आधार पर, पुलिस अब आरोपी को खंभे से बांधकर तालिबानी सजा देने वाले लोगों की पहचान कर रही है। पुलिस ने कहा कि जल्द ही हमलावरों के साथ-साथ दो फरार चोरों को भी गिरफ्तार कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *