पढ़ाई अब नहीं रुकेगी! 23,230 छात्रों को मिलेगा ₹20 लाख तक का ‘आशा’ स्कॉलरशिप, SBI-UGC ने शुरू की योजना
आर्थिक रूप से कमजोर लेकिन मेधावी छात्रों के लिए एक बड़ी खुशखबरी है। विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) और भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) ने संयुक्त रूप से ‘आशा छात्रवृत्ति कार्यक्रम 2025’ की शुरुआत की है। एसबीआई की प्लेटिनम जुबली वर्षगांठ के उपलक्ष्य में शुरू की गई इस योजना के तहत, देश भर के कुल 23,230 छात्रों को उनकी शिक्षा के स्तर के अनुसार 15 हजार रुपये से लेकर 20 लाख रुपये प्रतिवर्ष तक की वित्तीय सहायता दी जाएगी।
किसे मिलेगा लाभ?
इस स्कॉलरशिप के अंतर्गत स्कूली शिक्षा (कक्षा नौ से 12) के साथ-साथ उच्च शिक्षा (ग्रेजुएशन, पोस्ट-ग्रेजुएशन, एमबीबीएस) के छात्रों को भी लाभ मिलेगा। कुल चयनित 23,230 विद्यार्थियों में से 20 हजार छात्र स्कूल स्तर के होंगे, जबकि 3,230 विद्यार्थी देश के प्रमुख उच्च शिक्षण संस्थानों के होंगे। एसबीआई फाउंडेशन ने इस वर्ष छात्रवृत्ति के लिए लगभग 90 करोड़ रुपये का फंड निर्धारित किया है।
यूजीसी सचिव प्रो. मनीष आर. जोशी ने सभी शिक्षण संस्थानों को निर्देश दिया है कि वे स्कॉलरशिप की जानकारी व्यापक रूप से छात्रों तक पहुंचाएं, ताकि कोई भी योग्य और जरूरतमंद छात्र आर्थिक तंगी के कारण शिक्षा से वंचित न रहे।
पात्रता और आवेदन की शर्तें:
- आवेदक का भारतीय नागरिक होना अनिवार्य है।
- पिछली कक्षा में न्यूनतम 75% अंक या 7.0 सीजीपीए होना चाहिए।
- स्कूल छात्रों (कक्षा 9-12) के लिए पारिवारिक वार्षिक आय 3 लाख रुपये या उससे कम होनी चाहिए।
- कॉलेज/विश्वविद्यालय स्तर के छात्रों के लिए पारिवारिक वार्षिक आय की सीमा 6 लाख रुपये प्रतिवर्ष निर्धारित की गई है।
- NIRF टॉप 300, NAAC A रेटेड संस्थानों या IIT, IIM में पढ़ने वाले छात्र पात्र होंगे।
- विदेश के टॉप 200 विश्वविद्यालयों में मास्टर डिग्री कर रहे एससी/एसटी छात्रों को भी इस योजना का लाभ मिलेगा।
इच्छुक छात्र sbiashascholarship.co.in पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।