उत्तराखंड में बड़ा बस हादसा, कुंजापुरी मंदिर से लौट रहे तीर्थयात्रियों से भरी बस खाई में गिरी, 5 की मौत
उत्तराखंड के टिहरी जिले में कुंजापुरी मंदिर के दर्शन के लिए आए गुजरात, महाराष्ट्र, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और कर्नाटक समेत कई राज्यों के तीर्थ यात्रियों को ले जा रही टूरिस्ट बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। यह बस नरेंद्रनगर के पास अनियंत्रित होकर लगभग 70 मीटर (करीब 230 फीट) गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के वक्त बस में 29 यात्री सवार थे।
एसडीआरएफ (SDRF) से मिली जानकारी के अनुसार, सोमवार को दोपहर 12 बजे के आसपास नरेन्द्रनगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत कुंजापुरी-हिंडोलाखाल के पास दुर्घटना की सूचना मिली। बताया गया है कि तीर्थ यात्री मां कुंजापुरी के दर्शन कर लौट रहे थे, तभी यह हादसा हुआ। सूचना मिलते ही प्रशासन और एसडीआरएफ की कुल पांच टीमें तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुईं और बड़े पैमाने पर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया।
मृतक और घायलों का विवरण
इस दर्दनाक हादसे में 5 लोगों की मौत हो गई है, जिनमें चार पुरुष और एक महिला शामिल हैं।
- मृतकों में दिल्ली, सहारनपुर (यूपी), महाराष्ट्र, बेंगलुरु (कर्नाटक) और गुजरात के लोग शामिल थे।
- तीन गंभीर घायलों को एम्स (AIIMS) ऋषिकेश रेफर किया गया है, जबकि चार घायलों को श्रीदेव सुमन उप जिला चिकित्सालय नरेंद्रनगर में भर्ती कराया गया है। 17 यात्रियों को सामान्य बताया गया है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने टिहरी के नरेंद्रनगर कुंजापुरी मंदिर के पास हुए इस बस हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्माओं की शांति और शोक संतप्त परिजनों को दुःख सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की है। उन्होंने कहा कि घायलों को जिला प्रशासन और एसडीआरएफ द्वारा तत्काल नजदीकी अस्पताल भेजा गया है और गंभीर रूप से घायलों को एम्स ऋषिकेश में उपचार के लिए रेफर किया गया है।