‘वीरू’ के जाने से टूटा ‘जय’! धर्मेंद्र को अंतिम विदाई देकर अमिताभ ने लिखा- “यह शून्य हमेशा खाली रहेगा”
मुंबई: बॉलीवुड के सबसे प्यारे दोस्तों की जोड़ी टूट गई। ‘शोले’ के ‘जय-वीरू’ यानी अमिताभ बच्चन और दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र का साथ अब छूट गया है। सोमवार को 89 साल की उम्र में धर्मेंद्र के निधन से पूरा बॉलीवुड शोक में डूब गया है। उम्र में मात्र 6 साल बड़े इस ‘दोस्त’ और ‘बड़े भाई’ के जाने से अमिताभ बच्चन काफी दुखी हैं। सोमवार को बिग बी मुंबई के विले पार्ले स्थित श्मशान घाट पर अपने दोस्त को अंतिम विदाई देने पहुंचे।
अंतिम संस्कार के बाद, सोशल मीडिया पर अमिताभ ने भावुक पोस्ट लिखा, “एक और बहादुर दिग्गज हमें छोड़कर चला गया है। पीछे छोड़ गया है ख़ामोशी में एक असहनीय दर्द।”
धर्मेंद्र के व्यक्तित्व की महानता का जिक्र करते हुए अमिताभ ने लिखा, “वह केवल सुंदरता के मामले में ही नहीं, बल्कि मन से भी हमेशा सीधे, प्यारे और सहज थे। वह पंजाब के जिस गाँव की मिट्टी से आए थे, उसका स्वाद उन्होंने जीवन भर अपने साथ रखा। उन्होंने हमेशा सच्चाई का साथ दिया और भाईचारा कायम रखा। समय के साथ रिश्तों की परिभाषा बदल गई, लेकिन वह बिल्कुल नहीं बदले। उनकी हंसी, उनका आकर्षण और उनकी गर्मजोशी, उनके आसपास सभी के लिए फैली हुई थी, एक दुर्लभ घटना।”
बता दें, अमिताभ बच्चन और धर्मेंद्र ने पहली बार 1974 में ‘दोस्त’ फिल्म में स्क्रीन शेयर की थी। इसके बाद 1975 में ‘चुपके चुपके’ और ‘शोले’ जैसी आइकॉनिक फिल्मों में काम किया। आगे चलकर ‘नसीब’, ‘राम बलराम’ और ‘हम कौन हैं’ समेत कई अन्य फिल्मों में दोनों ने साथ अभिनय किया।
अपने दोस्त को श्रद्धांजलि देते हुए अमिताभ ने अंत में लिखा, “हमारे आस-पास की हवा खाली हो गई है। यह एक ऐसा शून्य है जो हमेशा खाली रहेगा।” लंबी बीमारी से जूझने के बाद 24 नवंबर को जुहू स्थित आवास पर धर्मेंद्र ने अंतिम सांस ली।