खुर्सीपार में बीएलओ से मारपीट! मतदाता पुनरीक्षण अभियान के दौरान शिक्षक को पीटा, नशे में धुत आरोपी जावेद पर केस दर्ज—सुरक्षा पर उठे सवाल
छत्तीसगढ़ के खुर्सीपार क्षेत्र में मतदाता पुनरीक्षण अभियान के तहत मतदाताओं के नाम जोड़ने व काटने के लिए आवेदन जमा लेने वाले एक बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) के साथ मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। खुर्सीपार पुलिस ने इस मामले में आरोपित जावेद के खिलाफ अपराध दर्ज किया है। वहीं इस घटना के बाद बीएलओ की ड्यूटी करने वाले अन्य शिक्षकों में अपनी सुरक्षा को लेकर गहरी नाराजगी देखने को मिल रही है। घटना शाम चार बजे के आसपास होना बताया जा रहा है।
नशे में धुत था आरोपी
खुर्सीपार पुलिस से प्राप्त जानकारी के मुताबिक, बीएलओ रूपेश कुमार जोशी भिलाई नगर विधानसभा क्षेत्र क्रमांक-65 में मतदाता सूची के भाग संख्या 117 का पुनरीक्षण कार्य देख रहे थे। आरोपित जावेद शराब के नशे में धुत था और उसने बीएलओ की ड्यूटी कर रहे शिक्षक रूपेश कुमार जोशी के साथ मारपीट कर दी। घटना की सूचना मिलते ही एसडीएम और खुर्सीपार थाना पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंच गई।
ईंट फेंकने के आरोप पर विरोधाभास
थाना प्रभारी अंबर सिंह खुर्सीपार ने बताया कि बीएलओ से मारपीट करने वाले के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया गया है और आरोपित उसी क्षेत्र का रहने वाला है।
वहीं, मारपीट की इस घटना को गंभीरता से लेते हुए शिक्षक संगठन के सदस्यों ने डीईओ (जिला शिक्षा अधिकारी) को अवगत कराया है। शिक्षकों का कहना है कि आरोपित ने बीएलओ रूपेश कुमार को ईंट फेंककर मारा है जिससे उसके सिर में चोट आई है। हालांकि, पुलिस का कहना है कि आरोपित ने ईंट फेंककर नहीं मारा है, सिर्फ मारपीट की है। इस घटना ने चुनावी ड्यूटी में लगे कर्मचारियों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।