‘बंगाल को चोट पहुँचाई तो मैं पूरे हिंदुस्तान को हिला दूँगी’, SIR विरोध रैली से ममता बनर्जी ने BJP को सीधी चुनौती दी
विशेष गहन संशोधन या ‘एसआईआर’ (SIR) प्रक्रिया को लेकर पैदा हुए डर और राजनीतिक विवाद के बीच, मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने मंगलवार को बनगाँव के त्रिकोण पार्क में एक विरोध रैली से भाजपा पर तीखा हमला बोला। उन्होंने चुनौती देते हुए कहा कि बिहार में हाल ही में संपन्न हुए चुनाव के नतीजे बंगाल में नहीं दोहराए जाएँगे, क्योंकि TMC ने भाजपा का ‘गेम’ पकड़ लिया है।
चुनाव आयोग पर गुस्सा:
मुख्यमंत्री ने आज चुनाव आयोग की भूमिका की कड़ी आलोचना की। उन्होंने आरोप लगाया कि आयोग अब तटस्थ रहने के बजाय भाजपा के इशारों पर काम कर रहा है। उन्होंने कटाक्ष किया:
- “चुनाव आयोग का काम तटस्थ रहना है। उसे भाजपा का कमीशन नहीं बन जाना चाहिए।“
- “अब क्या कहता है? अगर पूछेंगे आधार कार्ड? बोलेगा नो सर। पैन कार्ड? नो सर। बीजेपी? यस सर। यस पापा, यस पापा।“
उन्होंने सवाल किया कि 2002 में मतदाता सूची संशोधन में जहाँ तीन साल लगे थे, वहीं चुनाव से ठीक पहले दो महीने में इस प्रक्रिया को आनन-फानन में चलाने के पीछे राजनीतिक मंशा है।
नागरिकता कार्ड का ‘जाल’:
मटुआ बहुल बनगाँव में बोलते हुए, मुख्यमंत्री ने CAA और नागरिकता साबित करने के नाम पर दिए जा रहे फ़ॉर्म या कार्ड को लेकर आम लोगों को आगाह किया। उन्होंने आरोप लगाया कि पैसे लेकर दिए जा रहे फ़ॉर्म या कार्ड में नागरिक की ‘पिछली नागरिकता बांग्लादेशी’ के रूप में दर्ज की जा रही है।
ममता ने कहा, “आज की तारीख में जब आपको सर्टिफिकेट मिल रहा है 2025 के नवंबर-दिसंबर महीने में, आपको बांग्लादेशी साबित कर रहे हैं। यह तो आपको और नुकसान पहुँचा रहा है।” उन्होंने लोगों से इस जाल में न फँसने और खुद को विदेशी साबित न करने की अपील की।
दिल्ली जीतने की चेतावनी:
ममता ने दावा किया कि SIR और NRC का डर फैलाकर भाजपा ने बिहार में फायदा उठाया होगा, लेकिन बंगाल में ऐसा नहीं होगा। उन्होंने 2029 के लोकसभा चुनाव और दिल्ली में सत्ता परिवर्तन को लेकर कड़ी चेतावनी दी। उन्होंने कहा:
- “2029 शायद ख़तरनाक होगा। तुम्हारी सरकार नहीं रहेगी… अगर मेरी इस बंगाल को चोट पहुँचाई तो मैं पूरे हिंदुस्तान को हिला दूँगी।”
- उन्होंने दावा किया कि जैसे अंग्रेजों को बंगाल से राजधानी हटानी पड़ी थी, वैसे ही आने वाले समय में बंगाल ही दिल्ली पर कब्ज़ा करेगा।
- उन्होंने घोषणा की कि 2026 के चुनाव के बाद वह देश भर में प्रचार करेंगी।
‘पहरेदार’ ममता:
घुसपैठ के मुद्दे पर केंद्र की विफलता को ज़िम्मेदार ठहराते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि बीएसएफ, रेलवे और हवाई अड्डों की ज़िम्मेदारी केंद्र सरकार की है। उन्होंने जनता को भावनात्मक संदेश देते हुए कहा, “आप लोग डरें नहीं। मेरे रहते मैं आपको देश से बाहर नहीं जाने दूँगी।” उन्होंने SIR के डर से बीएलओ सहित कई लोगों की मौत पर शोक व्यक्त किया।
रैली के बाद मुख्यमंत्री ने चाँदपाड़ा से ठाकुरनगर तक जुलूस में हिस्सा लिया।