‘ऑपरेशन शक्ति’ के तहत छापा! एग्जॉटिक स्पा में चल रहा था सैक्स रैकेट, दो महिला आरोपी गिरफ्तार, पीड़ित युवती को छुड़ाया गया
नागपुर: ‘ऑपरेशन शक्ति’ के तहत सामाजिक सुरक्षा विभाग (SSD) की टीम ने नागपुर के एग्जॉटिक स्पा ऐंड सैलून पर छापा मारकर सैक्स रैकेट के अड्डे का खुलासा किया है। इस घटना के बाद अजनी पुलिस थाने में प्रकरण दर्ज किया गया है और दोनों आरोपी महिलाओं को गिरफ्तार कर मंगलवार दोपहर अदालत में पेश किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम हैं:
- मुख्य आरोपी प्रतिमा रमेश बडगे (42), निवासी योगेश्वर नगर, दिघोरी।
- सैलून की मैनेजर किरन दयालु उके (36), निवासी दत्तवाड़ी।
गोपनीय निगरानी के बाद कार्रवाई
सामाजिक सुरक्षा विभाग को गुप्त सूचना मिली थी कि मेडिकल कॉलेज के पास क्लासिक अंबर अपार्टमेंट स्थित एग्जॉटिक स्पा एंड सैलून की आड़ में देह व्यापार संचालित किया जा रहा है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस पिछले कुछ दिनों से सैलून की गतिविधियों पर गुप्त निगरानी कर रही थी।
सूचना पुख्ता होने पर अधिकारियों को अवगत कराया गया और एक विशेष योजना के तहत सैलून में एक नकली ग्राहक भेजा गया। जैसे ही मौज-मस्ती का सौदा तय हुआ, नकली ग्राहक ने टीम को संकेत दिया। इसके बाद सोमवार शाम 4:20 बजे से रात 11:20 बजे तक चली कार्रवाई में पुलिस ने एक युवती को पीड़िता के रूप में मुक्त कराया।
‘कम समय में अधिक पैसे कमाने का लालच’
जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपी पिछले लगभग सात महीनों से यह गोरखधंधा चला रही थी। वह आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की युवतियों और महिलाओं को कम समय में अधिक पैसे कमाने का लालच देकर उन्हें देह व्यापार में धकेलती थी। कार्रवाई के दौरान आरोपियों के पास से ₹2,500 नकद, दो मोबाइल फोन समेत कुल ₹27,000 का माल जब्त किया गया। दोनों आरोपियों को अजनी पुलिस के हवाले कर दिया गया और मंगलवार को न्यायालय में पेश किया गया।