छत्तीसगढ़ में बड़ी मुठभेड़, बीजापुर में 12 नक्सली ढेर, 3 जवान शहीद; भारी मात्रा में गोला-बारूद बरामद
छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में बुधवार को सुरक्षाबलों ने एक बड़ी मुठभेड़ में 12 नक्सलियों को मार गिराया है। हालांकि, इस कार्रवाई में जिला रिजर्व गार्ड (DRG) के तीन जवान शहीद हो गए, जबकि दो अन्य घायल बताए जा रहे हैं। पुलिस अधिकारियों ने पुष्टि की है कि जिले के गंगालूर इलाके में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच यह संयुक्त अभियान अभी भी जारी है।
आईजी बस्तर ने की पुष्टि, १२ शव बरामद
आईजी बस्तर पी. सुंदरराज ने बताया कि डी.आर.जी. (दंतेवाड़ा-बीजापुर), एस.टी.एफ., सी.आर.पी.एफ. और कोबरा टीमों के संयुक्त अभियान में बीजापुर-दंतेवाड़ा अंतर-जिला सीमा पर 12 नक्सली मारे गए हैं। समाचार एजेंसी ए.एन.आई. के मुताबिक, अब तक सभी 12 नक्सलियों के शव बरामद किए जा चुके हैं। मुठभेड़ स्थल से भारी मात्रा में गोला-बारूद और हथियार भी बरामद हुए हैं। ड्यूटी के दौरान तीन जवान शहीद हुए हैं, और घायल जवानों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया है।
नक्सलियों को मिला मुंहतोड़ जवाब
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, गंगालूर क्षेत्र के जंगल में नक्सली गतिविधि की खुफिया सूचना मिलने पर सुरक्षाबलों की संयुक्त टीम को रवाना किया गया था। दल को देखते ही नक्सलियों ने ताबड़तोड़ गोलीबारी शुरू कर दी, जिसके बाद सुरक्षाबलों ने भी जवाबी कार्रवाई करते हुए नक्सलियों को मुंहतोड़ जवाब दिया।
अधिकारियों ने बताया कि इस कार्रवाई के साथ, इस वर्ष छत्तीसगढ़ में मुठभेड़ों में मारे गए नक्सलियों की कुल संख्या 268 हो गई है, जिनमें से 239 अकेले बस्तर संभाग में मारे गए हैं। क्षेत्र में सघन तलाशी अभियान अभी भी जारी है।