‘बाबर आजम की क्वालिटी अलग है’, विराट-रोहित को छोड़ क्यों चुना था पाक स्टार को? गौतम गंभीर का पुराना वीडियो वायरल
भारतीय क्रिकेट में विराट कोहली, रोहित शर्मा और गौतम गंभीर के बीच रिश्तों में तनाव कोई नई बात नहीं है। इसी माहौल में, 2023 विश्व कप से ठीक पहले गौतम गंभीर की एक टिप्पणी ने नए सिरे से विवाद खड़ा कर दिया है। उनका वह पुराना वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
विश्व कप शुरू होने से पहले गंभीर से पूछा गया था कि आगामी विश्व कप का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी कौन होगा? इस सूची में रोहित शर्मा, विराट कोहली, केन विलियमसन और डेविड वार्नर जैसे दिग्गज मौजूद थे, लेकिन गंभीर ने सभी को चौंकाते हुए पाकिस्तान के तत्कालीन कप्तान बाबर आजम को चुना था।
वायरल वीडियो में गंभीर को यह कहते हुए सुना जा सकता है, “बाबर में विश्व कप को शानदार बनाने की क्षमता है। हालांकि रोहित शर्मा, विराट कोहली, डेविड वार्नर, केन विलियमसन जैसे खिलाड़ी हैं, लेकिन बाबर आजम की क्वालिटी ही कुछ और है।”
विश्व कप का नतीजा क्या रहा?
गंभीर की यह भविष्यवाणी हालांकि विश्व कप में गलत साबित हुई। बाबर आजम ने नौ पारियों में सिर्फ 320 रन बनाए, उनका औसत 40 का रहा।
दूसरी ओर, विराट कोहली टूर्नामेंट के केंद्र बिंदु थे। ऑस्ट्रेलिया से फाइनल हारने के बावजूद, उन्होंने 11 पारियों में रिकॉर्ड 765 रन बनाकर ‘प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट’ का खिताब जीता। रोहित शर्मा ने भी पारी की शुरुआत में तूफानी बल्लेबाजी करते हुए कुल 600 रन बनाए थे।
विराट और रोहित के इतने शानदार प्रदर्शन के बावजूद गंभीर ने बाबर आजम को सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी क्यों चुना, इस सवाल पर सोशल मीडिया पर आलोचना की बाढ़ आ गई है। कई लोग गंभीर की इस टिप्पणी को विवाद पैदा करने की कोशिश के तौर पर देख रहे हैं।