‘इन दो दिग्गजों से पंगा मत लो!’ रोहित-विराट के आलोचकों को रवि शास्त्री की खुली चेतावनी, निशाने पर कौन?
नई दिल्ली: भारतीय क्रिकेट के दो स्तंभ विराट कोहली और रोहित शर्मा की आलोचना करने वालों को पूर्व भारतीय कोच और दिग्गज क्रिकेटर रवि शास्त्री ने सख्त चेतावनी दी है। उनका सीधा कहना है, ‘इन दो लेजेंडरी प्लेयर्स से पंगा मत लो।’ शास्त्री का यह बयान तब आया है जब इन दोनों खिलाड़ियों की प्रतिबद्धता और 2027 वनडे विश्व कप में उनकी भूमिका को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
‘प्रभात खबर’ को दिए एक इंटरव्यू में शास्त्री ने साफ कहा कि अगर कोहली और रोहित ने जवाब देना शुरू कर दिया, तो उनके खिलाफ बोलने वाले लोग साइडलाइन हो जाएंगे और उनका कहीं अता-पता नहीं चलेगा। उन्होंने जोर देकर कहा, “विराट कोहली और रोहित शर्मा वनडे क्रिकेट के लेजेंड हैं। इतने कुशल खिलाड़ियों से टकराव मोल लेने में कोई फायदा नहीं है।”
शास्त्री ने अपने बयान में किसी का नाम नहीं लिया, लेकिन क्रिकेट पंडितों का मानना है कि उनका सीधा निशाना भारतीय टीम के वर्तमान हेड कोच गौतम गंभीर और चीफ सेलेक्टर अजीत अगरकर पर है। दोनों दिग्गजों के अचानक टेस्ट टीम से हटने और आगामी विश्व कप में चयन पर सवाल उठने के बीच शास्त्री का यह बयान महत्वपूर्ण है।
अपने कोचिंग कार्यकाल के दौरान विराट कोहली के साथ उनके बेहतरीन रिश्ते जगजाहिर हैं। अब वह रोहित के लिए भी खुलकर सामने आए हैं। शास्त्री ने आगे कहा, “कुछ लोग ऐसा कर रहे हैं। मेरा यही कहना है। अगर ये दोनों खिलाड़ी सही ढंग से आगे बढ़ते हैं, सही बटन दबाते हैं, तो जो लोग उनसे पंगा ले रहे हैं, वे कहीं नहीं मिलेंगे। ऐसे खिलाड़ियों से टकराव मोल लेना सही नहीं है।” उनका मानना है कि ये दोनों क्रिकेटर भारतीय टीम के लिए अनमोल रत्न हैं और इनके महत्व को समझना जरूरी है।