डीजीसीए के नए नियम, क्रू-पायलट की कमी! क्यों चरमराई इंडिगो की उड़ान सेवा? जानें अंदर की बात


इंडिगो की उड़ान सेवाएं पिछले कुछ दिनों से पूरी तरह चरमरा गई हैं। मंगलवार से शुरू हुआ यह संकट गुरुवार को भी जारी रहा। जानकारी के अनुसार, देश की इस सबसे बड़ी एयरलाइन की 550 से अधिक उड़ानें गुरुवार को रद्द कर दी गईं। कई उड़ानें देरी से चलने के कारण यात्रियों को एयरपोर्ट पर घंटों, यहां तक कि आधा दिन भी इंतजार करना पड़ा। काम या इलाज के लिए जा रहे यात्री अचानक उड़ान रद्द होने से बेहाल हैं।

संकट का कारण: पायलट और क्रू की कमी

इस भारी अव्यवस्था का मुख्य कारण DGCA के नए दिशानिर्देशों के अनुसार पायलटों को पर्याप्त आराम का समय देना है। लेकिन इंडिगो के पास पर्याप्त संख्या में पायलट और क्रू सदस्य नहीं हैं, जिसके चलते देश के हवाई अड्डों पर भारी अराजकता का माहौल बन गया है।

यात्रियों की दुर्दशा: काउंटर खाली, कोई जानकारी नहीं

देश भर के हवाई अड्डों पर इंडिगो के यात्रियों की भयानक दुर्दशा देखने को मिली। कई यात्री 12 से 14 घंटे तक बिना भोजन-पानी के इंतजार करते रहे। हेल्प डेस्क और काउंटर भी खाली मिले! बैगेज चेक-इन हो जाने के कारण यात्री वैकल्पिक यात्रा मार्ग भी नहीं ले पा रहे हैं। एक यात्री ने आरोप लगाया कि इंडिगो ‘मानसिक प्रताड़ना’ दे रहा है क्योंकि कंपनी यह स्पष्ट नहीं कर रही कि उड़ानें चलेंगी या नहीं। दिल्ली एयरपोर्ट पर एक यात्री ने बताया कि हर बार पूछने पर सिर्फ यह कहा जा रहा है कि फ्लाइट ‘एक या दो घंटे’ देर से चलेगी। कुछ यात्री नौकरी खोने के डर से रो पड़े, तो कई थककर फर्श पर ही सो गए।

यात्रियों ने यह भी शिकायत की कि इंडिगो ने DGCA नियमों के बावजूद देरी होने पर भोजन कूपन या होटल में ठहरने की व्यवस्था नहीं की। सोशल मीडिया पर यात्रियों के गुस्से, रोने और अफरातफरी की तस्वीरें वायरल हैं।

इंडिगो ने मांगी माफी, कब तक रहेगा संकट?

स्थिति को नियंत्रित करने के लिए इंडिगो ने फिलहाल नाइट ड्यूटी और नाइट लैंडिंग के नियमों को निलंबित कर दिया है। नागरिक उड्डयन मंत्रालय और DGCA के सामने उन्होंने स्वीकार किया है कि वे स्टाफ की कमी को भांप नहीं पाए। हालांकि, तुरंत स्थिति सामान्य होने की उम्मीद नहीं है। कंपनी सूत्रों के मुताबिक, नया रोस्टर तैयार होने तक अगले दो-तीन दिनों तक और उड़ानें रद्द हो सकती हैं। इंडिगो ने इस परेशानी के लिए यात्रियों से माफी मांगी है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *