ISIS पाडघा मॉड्यूल पर ED का सबसे बड़ा एक्शन! मुंबई समेत 40 ठिकानों पर छापेमारी, 9.70 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने 11 दिसंबर को महाराष्ट्र और कई अन्य राज्यों में 40 से अधिक स्थानों पर बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान चलाया। यह कार्रवाई साकिब नाचन और अन्य से जुड़े आईएसआईएस (ISIS) के पाडघा मॉड्यूल से संबंधित मनी लॉन्ड्रिंग की जांच के तहत की गई। ईडी के मुंबई क्षेत्रीय कार्यालय द्वारा यह तलाशी अभियान धन शोधन निवारण अधिनियम (PMLA), 2002 के प्रावधानों के तहत चलाए गए।
तलाशी अभियान में मुंबई के पास पाडघा-बोरीवली क्षेत्र के साथ-साथ दिल्ली, कोलकाता, हजारीबाग, प्रयागराज, दमन और रत्नागिरी जैसे स्थान शामिल थे।
9.70 करोड़ की संपत्ति जब्त, 25 अकाउंट फ्रीज
तलाशी के दौरान, ईडी ने लगभग 9.70 करोड़ रुपये की चल संपत्ति जब्त की। इसमें लगभग 3.70 करोड़ रुपये नकद और लगभग 6 करोड़ रुपये मूल्य के सोने के आभूषण और बुलियन शामिल हैं। एजेंसी ने आरोपियों और संदिग्धों से जुड़े 25 बैंक खातों को भी फ्रीज कर दिया है।
इसके अलावा, अधिकारियों ने आपत्तिजनक दस्तावेज, कट्टरता को बढ़ावा देने वाली सामग्री, डिजिटल उपकरण और आरोपियों से संबंधित अचल संपत्तियों के रिकॉर्ड भी जब्त किए। ईडी ने राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) द्वारा दर्ज एफआईआर और चार्जशीट के आधार पर मनी लॉन्ड्रिंग की जांच शुरू की थी।
खैर की लकड़ी की तस्करी से जुटाया गया पैसा
जांच में पता चला कि इसमें शामिल लोग आईएसआईएस से जुड़े एक अत्यधिक कट्टरपंथी मॉड्यूल का हिस्सा थे। यह मॉड्यूल भर्ती, प्रशिक्षण, हथियारों और विस्फोटकों की खरीद और आतंकवादी गतिविधियों को जारी रखने के लिए धन जुटाने में लगा हुआ था।
ईडी के अनुसार, महाराष्ट्र आतंकवाद-विरोधी दस्ते (एटीएस) से मिली खुफिया जानकारी से पता चला है कि इस मॉड्यूल से जुड़े लोग अवैध राजस्व-सृजन गतिविधियों में भी शामिल थे। ये लोग विशेष रूप से खैर (कैथ) की लकड़ी की गुप्त कटाई, तस्करी और बिक्री करते थे। संदेह है कि इन अवैध गतिविधियों से प्राप्त धनराशि का इस्तेमाल चरमपंथी और आतंकवादी गतिविधियों को समर्थन देने के लिए किया जा रहा था।